पलामू : पुलिस ने गुप्त सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से मोबाइल फोन को रीफर्बिश्ड और असेम्बल कर बाजार में बेचने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनकी निशानदेही पर भारी मात्रा में मोबाइल, पुर्जे और ई-वेस्ट सामग्री बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपितों में पांकी थाना क्षेत्र के खाप सरौना निवासी विकल्प कुमार सिंह (30) तथा पांकी बस्ती निवासी रंजीत कुमार (24) शामिल हैं। इस संबंध में पलामू की पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खाप सरौना गांव में जियो और सैमसंग कंपनी के की-पैड मोबाइल अवैध रूप से तैयार कर बाजार में खपाए जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लेस्लीगंज) के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया।
धनबाद में महिला सफाई कर्मी को दुकानदार ने पीटा, कुत्ते की गंदगी देख भड़का, साड़ी खींची-गाली दी
घर में चल रही थी मिनी फैक्ट्री
सशस्त्र बल के सहयोग से छापामारी दल ने विकल्प कुमार सिंह के घर पर छापा मारा। घर के प्रथम तल के एक कमरे में बड़ी संख्या में पुराने मदर बोर्ड, जियो और सैमसंग के की-पैड मोबाइल, मोबाइल बॉडी, चार्जर, बैट्री और रिपेयरिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए। मौके की स्थिति देखकर यह किसी मिनी फैक्ट्री जैसा प्रतीत हो रहा था। पूछताछ के दौरान विकल्प कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ में विकल्प ने बताया कि रंजीत कुमार उसे पुराने मदर बोर्ड, बॉडी, चार्जिंग पिन, माइक्रोफोन समेत अन्य पुर्जे उपलब्ध कराता था। इन्हें वह रिपेयर कर और असेम्बल कर चालू हालत में मोबाइल तैयार करता था, जिसे दोबारा रंजीत कुमार को सौंप दिया जाता था।
उद्योगपति कैरव गांधी को पुलिस ने किया बरामद, जमशेदपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
दूसरे ठिकाने पर भी छापेमारी
विकल्प की निशानदेही पर पुलिस ने रंजीत कुमार के घर पर भी छापामारी की। वहां प्लास्टिक के बोरे में पुराने मदर बोर्ड तथा विभिन्न कंपनियों के मोबाइल डिब्बे बरामद किए गए, जिनमें चार्जर और बैट्री रखी हुई थीं। रंजीत भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह ऑनलाइन कुरियर और फेरीवालों से पुराने मदर बोर्ड खरीदता था, जबकि डाल्टनगंज की दुकानों से बॉडी, डिब्बा, चार्जर और बैट्री खरीदकर अवैध रूप से मोबाइल तैयार कर बाजार में बेचता था।
कानूनी कार्रवाई और टीम
इस मामले में पांकी थाना कांड संख्या 08/2026, दिनांक 27 जनवरी 2026 के तहत बीएनएस-2023 की विभिन्न धाराओं, ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 तथा पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापामारी दल में पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, पु.अ.नि. रविंद्र साय, अनुप टोपनो, स.अ.नि. प्रमोद कुमार राय समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
गिरिडीह में दो आदिवासी लड़कियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म, जतरा मेला देखने गई थी दोनों पीड़ित
बरामद सामग्री का विवरण
मोबाइल ई-वेस्ट : 3 बोरा
पुराने मदर बोर्ड : 112 पीस
जियो बैक कवर : 120 पीस
सैमसंग बैक कवर : 127 पीस
जियो की-पैड मोबाइल : 135 पीस
सैमसंग की-पैड मोबाइल : 200 पीस
विभिन्न कंपनियों के डिब्बे (चार्जर-बैट्री सहित) : 186 पीस
सोल्डर मशीन, ब्लोवर, डिस्प्ले, स्पीकर, की-पैड सहित अन्य उपकरण भी काफी संख्या में मिली है।




