हेमंत के प्रस्तावक और सिदो-कानू के वंशज मंडल मुर्मू ने ली रांची में बीजेपी की सदस्यता

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 4, 2024

रांची: झारखंड में आदिवासी अस्मिता की आवाज़ बुलंद करने वाले शहीद सिदो कान्हु के वंशज मंडल मुर्मू ने आज भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली। भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनका स्वागत करते हुए पार्टी नेताओं ने उन्हें पार्टी के आदिवासी सम्मान और अस्मिता को बचाने के प्रयासों का समर्थन देने के लिए धन्यवाद दिया।

मंडल मुर्मू ने कहा कि झारखंड की पहचान और आदिवासी अस्मिता को बचाने के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है। उन्होंने दावा किया कि हेमंत सोरेन अब घुसपैठियों के प्रवक्ता बन गए हैं और इसी कारणवश समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का विरोध कर रहे हैं। मुर्मू ने विश्वास जताया कि भाजपा आदिवासी समाज की रीति-नीति और परंपरा का सम्मान करते हुए उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने भी हेमंत सोरेन पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “हेमंत सोरेन घुसपैठियों के समर्थन में खड़े हैं, जिसके कारण आज संथाल परगना के भविष्य का निर्णय बाहरी लोग करने की स्थिति में हैं।” विश्व शर्मा ने जोर देकर कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि झारखंड के आदिवासियों की रोटी, बेटी और माटी की सुरक्षा करना है।

See also  भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, इटली को दी करारी शिकस्त

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मीकांत वाजपेई ने कहा कि कांग्रेस को झारखंड के आदिवासी समाज की वीरता का इतिहास तक नहीं पता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्थापित होने से पहले ही झारखंड के वीर सपूत सिदो कान्हु के नेतृत्व में अंग्रेजों को भारत छोड़ने का नारा दिया गया था, लेकिन कांग्रेस का ध्यान हमेशा से सिर्फ एक परिवार का गुणगान करने पर ही केंद्रित रहा है।

भाजपा ने संकल्प लिया है कि वह आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा करते हुए झारखंड की अस्मिता को सुरक्षित रखने का हरसंभव प्रयास करेगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now