गोपालगंज: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गोपालगंज जिले के दो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष निगरानी इकाई (एसवीयू) की छापामारी और जांच के बाद सरकार ने एडीएम राजेश्वरी पांडेय और सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। दोनों अधिकारियों के खिलाफ हुई इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सदर एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह के आवास पर पांच दिन पूर्व विशेष निगरानी इकाई की टीम ने छापामारी की थी। इस दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने से जुड़े मामले में उनके ठिकानों की जांच की गई थी।
तत्कालीन एडीएम राजेश्वरी पांडेय पर भी गिरी गाज
वहीं, इससे पहले अक्टूबर महीने में तत्कालीन एडीएम राजेश्वरी पांडेय के आवास पर भी एसवीयू की टीम ने छापामारी की थी। दोनों मामलों में निगरानी इकाई की कार्रवाई के बाद अब सरकार ने निलंबन का आदेश जारी किया है।
सरकार की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रशासनिक स्तर पर बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। जिले में दोनों अधिकारियों के निलंबन की खबर सामने आने के बाद से ही प्रशासनिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के ठिकानों पर निगरानी इकाई की लगातार कार्रवाई ने प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामलों में सरकार के इस कड़े कदम से अन्य अधिकारियों और कर्मियों के बीच भी हलचल तेज हो गई है।







