लोहरदगा : विश्व जनजातीय दिवस के अवसर पर इस बार लोहरदगा राष्ट्रीय स्तर के एक ऐतिहासिक आयोजन का केंद्र बनने जा रहा है। भारत स्काउट एवं गाइड, लोहरदगा जिला समिति की ओर से छह से 10 अगस्त तक डायट चिरी परिसर में पहली बार पांच दिवसीय नेशनल ट्राइबल मीट का आयोजन किया जाएगा। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले भारत स्काउट एवं गाइड के सैकड़ों प्रतिभागी इस मंच पर अपनी जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन को लेकर प्रशासन और आयोजन समिति ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश की जनजातीय विविधता और परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर भी बनेगा। कार्यक्रम में अलग-अलग राज्यों के प्रतिभागी अपनी पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य, खानपान और रीति-रिवाजों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान प्रस्तुत करेंगे। इससे लोहरदगा के लोगों को देश की जनजातीय संस्कृति को करीब से देखने और समझने का अवसर मिलेगा। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में ग्रामीण मेला, जनजातीय वैवाहिक परंपराओं का प्रदर्शन, पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, हस्तशिल्प बाजार, रंगोली, चित्रकला, वॉल पेंटिंग, पोस्टर लेखन, बैंड डिस्प्ले, पारंपरिक वाद्य यंत्रों का वादन, ग्रामीण खेल, सांस्कृतिक झांकियां और शारीरिक प्रदर्शन जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ग्रामीण मेला मुख्य आकर्षण होगा, जहां विभिन्न राज्यों के प्रतिभागी अपनी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगे।

आयोजन में झारखंड सरकार के मंत्री चमरा लिंडा और शिल्पी नेहा तिर्की, सांसद सुखदेव भगत, विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, पूर्व राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू, पूर्व विधान परिषद सदस्य प्रवीण कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। वहीं नौ अगस्त को विश्व जनजातीय दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले भव्य ग्रैंड कैंप फायर कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष गंगवार, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो तथा अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी प्रस्तावित है। देशभर से आने वाले प्रतिभागियों के लिए डायट चिरी परिसर में आवास, भोजन, चिकित्सा, पेयजल और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। सभी प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रदर्शनी इसी परिसर में आयोजित होंगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय है। डीएसपी मुख्यालय समीर कुमार तिर्की ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी और जिला शिक्षा अधीक्षक अभिजीत कुमार लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं। जिला प्रशासन का प्रयास है कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन का सफल और व्यवस्थित संचालन हो तथा बाहर से आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। भारत स्काउट एवं गाइड, लोहरदगा जिला समिति के जिला सचिव शैलेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि पहली बार लोहरदगा को राष्ट्रीय जनजातीय समागम की मेजबानी का अवसर मिला है। यह जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने जिले वासियों से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम देश की जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को करीब से देखने का दुर्लभ अवसर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की सहभागिता से यह आयोजन और भी यादगार बनेगा तथा लोहरदगा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूती से स्थापित करेगा।







