कोडरमा :: धनबाद-गया रेलखंड के परसाबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को हटिया से पटना जा रही 18626 हटिया–पटना कोसी एक्सप्रेस के दो कोच के निचले हिस्से से अचानक धुआं उठने लगा। रेलवे कर्मियों की त्वरित सतर्कता और समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, हटिया से पटना जा रही 18626 हटिया-पटना कोसी एक्सप्रेस जैसे ही परसाबाद स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर पहुंची, जनरल और स्लीपर कोच के निचले हिस्से से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। इसे देखकर यात्रियों में हड़कंप मच गया। स्टेशन पर मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना स्टेशन मास्टर और रेलवे कर्मियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और अग्निशमन उपकरणों की सहायता से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। त्वरित कार्रवाई के कारण कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। इसके बाद कोच और संबंधित हिस्सों की सुरक्षा जांच की गई। आग बुझाने और तकनीकी जांच की प्रक्रिया के कारण ट्रेन करीब आधे घंटे तक स्टेशन पर खड़ी रही। जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। मामले की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।


