नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में कर्मचारियों ने जबरदस्त बवाल मचाया है। एक फैक्टरी में कर्मचारियों ने कम सैलरी को लेकर आगजनी और तोड़फोड़ की है जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई । इधर फरीदाबाद में भी सैलरी को लेकर कर्मचारियों ने आगरा हाईवे जाम किया ।

Noida में कर्मचारियों का बवाल
वेतन वृद्धि और अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर दिखाई दे रहा है। पिछले एक सप्ताह से जारी विरोध प्रदर्शन ने अब उग्र रूप ले लिया है। शुरुआत कपड़ा व्यापार से जुड़े कर्मचारियों की हड़ताल से हुई थी, लेकिन अब यह आंदोलन शहर की कई फैक्ट्रियों और कंपनियों तक फैल चुका है।
सेक्टर 62 से लेकर सेक्टर 82 और 84 तक हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं। कई जगहों पर प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें पुलिस की गाड़ी पलटने और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं।
योगी सरकार की नजर
Lucknow से पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। डीजीपी Rajeev Krishna और एडीजी लॉ एंड ऑर्डर Amitabh Yash कंट्रोल रूम से लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। नोएडा कमिश्नरेट से पल-पल की जानकारी ली जा रही है।
सेक्टर-84 में आगजनी, कई वाहन जले
प्रदर्शन का सबसे उग्र रूप सेक्टर-84 में देखने को मिला, जहां प्रदर्शनकारियों ने कई गाड़ियों में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि कम से कम दो वाहन पूरी तरह जल गए हैं। फेज-2 क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में हजारों श्रमिक सड़कों पर जमा हैं, जिससे तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। भारी पुलिस बल मौके पर तैनात है।
पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने हालात को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं। जो पुलिसकर्मी अवकाश पर हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रैफिक डायवर्जन लागू
प्रदर्शन के चलते शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले ट्रैफिक को DND Flyway की ओर डायवर्ट किया गया है। इसके अलावा सेक्टर-59 मेट्रो स्टेशन के पास भी ट्रैफिक को मोड़ा गया है, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके।
लगातार बढ़ रहा आक्रोश
श्रमिकों का कहना है कि वेतन बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से अनदेखी की जा रही थी, जिसके कारण अब उनका आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा है। प्रशासन हालात को नियंत्रण में लाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है।


