रांचीः हरमू हाउसिंग कॉलोनी निवासी होटल कारोबारी डब्बू सिंह उर्फ शशिकांत शर्मा से अपराधियों ने एक लाख रुपए प्रति महीने रंगदारी मांगी है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। कारोबारी की शिकायत पर अरगोड़ा थाने में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। टेक्निकल सेल की मदद से फोन करने वाले अपराधी के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। डब्बू सिंह जेएमएम के समर्थक माने जाते है और हरमू चौक पर उनका मां भोजनालय का संचालन करते है।



कारोबारी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार दोपहर उन्हें मोबाइल नंबर 8945510186 से तीन बार फोन किया गया। पहली बार दोपहर 1.56 बजे फोन किया। फोन करने वाले ने खुद को रूद्र प्रताप सिंह उर्फ रूद्रा बताते हुए कहा कि बहुत नोट छाप रहे हो। एक लाख रुपए प्रति महीने दो, नहीं तो खोपड़ी खोल देंगे। तीन मिनट बाद 1.59 बजे फिर फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद दोपहर 2 बजे फिर फोन किया। कहा कि तुम हरमू चौक पर ही रहते हो ना, पैसा नहीं मिला तो अंजाम बुरा होगा। पांच दिन का समय दे रहे हैं। मैसेज करके बताओ कि पैसे कहां दोगे। कारोबारी ने पुलिस को पूरी बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है।




