डेस्कः दिल्ली से सटे गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी के अंदर शुक्रवार रात करीब 10 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक तेज धमाका हुआ। इस विस्फोट की गूंज दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पुलिस चौकी की खिड़कियां, दरवाजे और एसी (AC) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। इस हादसे में चौकी में मौजूद एक दरोगा (सब-इंस्पेक्टर) और खाना डिलीवर करने पहुंचा 20 वर्षीय डिलीवरी बॉय विशाल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस चौकी को उड़ाने की धमकी से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आई है। ‘गाजी 2’ नाम के एक्स अकाउंट से किए गए पोस्ट में तहरीक-उल-मुजाहिदीन हिंदुस्तान नाम के संगठन की ओर से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। घटना के समय चौकी में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर और खाना डिलीवर करने आया 20 साल का विशाल मौजूद थे। अचानक हुए धमाके से खिड़कियों और दरवाजों के कांच टूटकर बिखर गए। शीशे के तेज टुकड़े लगने से विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जांच के बाद ही साफ होगा कारण: ACP सूर्यबलि मौर्य
इंदिरापुरम के एसीपी (ACP) सूर्यबलि मौर्य ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चौकी के भीतर अचानक विस्फोट हुआ है। धमाका किस वस्तु या संदिग्ध सामग्री के कारण हुआ, इसका सटीक कारण विस्तृत तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। घटना के तुरंत बाद पुलिस, फॉरेंसिक टीम और संबंधित जांच एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने (सैंपल) एकत्र किए हैं ताकि ब्लास्ट की प्रकृति का पता लगाया जा सके।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, आला अधिकारियों ने लिया जायजा
पुलिस चौकी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमाके के समय कोई संदिग्ध गतिविधि तो नहीं हुई थी। पुलिस चौकी के अंदर हुए इस रहस्यमयी ब्लास्ट के बाद गाजियाबाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।







