वर्ष 2022-23 में केंद्र सरकार से ज्यादा पैसा मिलने की उम्मीद-रामेश्वर

पिछली सरकार ने माड़-भात खिलाया, अब सरकार दाल-भात खिलाएंगी
रांची। राज्य के वित्तमंत्री डॉ0 रामेश्वर उरांव ने उम्मीद जतायी है कि वर्ष 2022-23 में केंद्र सरकार से ज्यादा पैसा मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने माड़-भात खिलाया, लेकिन अब हेमंत सरकार दाल-भात खिलाएंगी। डॉ0 उरांव आज विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2020-23 के बजट पर सामान्य वाद-विवाद के बाद सरकार की ओर से उत्तर दे रहे थे।
वित्तमंत्री ने कहा कि 60 लाख परिवारों को प्रत्येक महीने एक रुपये की दर पर एक किलोग्राम दाल देने के फैसले पर आजसू पाटी के सुदेश महतो के तंज से उन्हें दुःख पहुंचा हैं। उन्होंने कहा कि पिछली रघुवर दास सरकार में लोगों को माड़-भात खिलाया गया, अब राज्य सरकार गरीबों को दाल-भात खिलाएगी।
डॉ0 रामेश्वर उरांव ने कहा कि बजट का योजना आकार काफी मायने रखता है, पहली बार झारखंड सरकार का बजट एक करोड़ से पार पहुंचा है, बजट के बड़े आकार रहने से आर्थिक गतिविधियां बढ़ेगी, राज्य प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस बार पूंजीगत व्यय के लिए करीब 24 हजार करोड़ रुपये का आवटन किया गया है, इससे आधारभूत संरचना के विकास में तेजी आएगी।
वित्तमंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें यह कहने में कोई संकोच नहीं है इस बार केंद्र सरकार से ज्यादा पैसा मिलेगा। उन्होंने कहा कि कभी भी बजट में आवंटित राशि शत प्रतिशत खर्च नहीं होती है, लेकिन यह भी सही है कि इस बार पहले से ज्यादा राशि खर्च हुई है, हालांकि कोरोना काल में थोड़ी परेशानियां हुई है, लेकिन सभी को इस बात पर विचार करना चाहिए कि कैसे राजस्व में बढ़ोत्तरी हो और झारखंड को विकास की नयी ऊंचाईयों तक पहुंचाया जाए।

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now