पटना: जिले के पालीगंज अनुमंडल में मंगलवार देर रात मध निषेध विभाग की टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। अख्तियारपुर पुल के पास विभाग के वाहन पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना के समय वाहन में मौजूद जवान और अन्य कर्मी बाल-बाल बच गए।फायरिंग के बाद अज्ञात हमलावर फरार हो गया।
पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में मंगलवार की देर शाम आबकारी विभाग की टीम पर कथित रूप से शराब धंधेबाजों द्वारा फायरिंग किए जाने की घटना से सनसनी फैल गई। छापेमारी कर पांच शराबियों को गिरफ्तार कर आबकारी थाना लौट रही विभागीय टीम की स्कॉर्पियो को अख्तियारपुर पुल के समीप निशाना बनाया गया। गोली वाहन के दाहिने गेट के शीशे को भेदते हुए बाएं गेट के शीशे से बाहर निकल गई। घटना में वाहन में सवार होमगार्ड जवान प्रिंस कुमार मिश्रा समेत सभी कर्मी और गिरफ्तार लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


