डेस्कः बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों पर कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में जमुई के झाझा स्थित ग्रामीण कार्य प्रमंडल में तैनात कार्यपालक अभियंता गोपाल कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में शनिवार को एक साथ चार ठिकानों पर छापेमारी की गई। कार्रवाई शुरू होते ही विभागीय महकमे में हड़कंप मच गया। आर्थिक अपराध इकाई की टीम पटना और जमुई समेत विभिन्न ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है। सुबह से शुरू हुई छापेमारी देर शाम तक जारी रही।

पटना और जमुई के ठिकानों पर तलाशी
EOU की टीम ने पटना के मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित जगत विला अपार्टमेंट के फ्लैट, कंकड़बाग स्थित आवास, जमुई में केकेएम कॉलेज के पास किराये के मकान और झाझा स्थित कार्यालय में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। सभी स्थानों पर अलग-अलग टीमों को लगाया गया है।जानकारी के अनुसार तलाशी अभियान का नेतृत्व पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। छापेमारी के दौरान संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और वित्तीय लेनदेन से संबंधित कागजात खंगाले जा रहे हैं।
आय से 81.5 % अधिक संपत्ति का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई थाना में गोपाल कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में उनके पास लगभग 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है।
कई अहम दस्तावेज खंगाल रही टीम
अधिकारियों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मामला गंभीर पाए जाने के बाद त्वरित कानूनी कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान अचल संपत्ति, निवेश, बैंकिंग लेनदेन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल आर्थिक अपराध इकाई की कार्रवाई जारी है। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।


