दीपावली के त्योहार में अब नौ दिन शेष हैं। इस साल दिवाली 20 अक्टूबर को मनेगी। इस दिन शाम को अमावस्या तिथि मिल रह है। दिवाली से पहले के दिनों में आप को खरीदारी के आठ शुभ मुहूर्त मिलेंगे। खरीदारी के इन मुहूर्तों की शुरुआत 10 अक्तूबर से हो रही है। खास यह कि इन आठ मुहूर्तों में तीन दिन सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा। वहीं दो दिन अमृत सिद्ध योग बनेगा।
काशी से प्रकाशित महावीर पंचांग के संपादक पं. रामेश्वरनाथ ओझा ने बताया कि 10, 11 और 20 अक्तूबर को सर्वार्थसिद्धि योग बनेगा। वहीं 11 और 19 अक्तूबर को अमृतसिद्धि योग मिलेगा। 12 अक्तूबर को रवि योग, 14 को पुष्य नक्षत्र, 17 को सिद्धि राजयोग, 18 को धन त्रयोदशी के शुभ मुहूर्त में खरीदारी की जा सकती है। इन आठ मुहूर्तों में पुष्य नक्षत्र में दीपावली की खरीदारी सबसे उत्तम माना गया है।
नेताओं के निजी जीवन पर टिप्पणी करने से बचें, चुनाव आयोग की सख्ती; AI वीडियो पर निगरानी
दीपावली की खरीदरी में राशि के सकारात्मक रंग और रत्न को प्रमुखता देना भी हितकर होगा। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार राशि समर्थक रंगों की वस्तुएं क्रय करने से संबंधित ग्रहों का अत्यंत शुभ प्रभाव जातकों पर पड़ेगा। ज्योतिषाचार्य पं. वेदमूर्ति शास्त्री के अनुसार ऐसा करने से दीपावली पर देवी महालक्ष्मी की विशिष्ट कृपा प्राप्त होगी।
राशि के अनुसार वार और रंग
मेष: लाल, सफेद, पीला रंग को प्रमुखता दें। मंगलवार का दिन शुभ है। मूंगा, माणिक्य, मोती और पुखराज रत्न लेना हितकारी होगा।
वृष: हरा, सफेद और काले रंग की वस्तुएं क्रय करें। शुभ दिन बुधवार, शुक्रवार, शनिवार, शुभ रत्न हीरा, मोती, पन्ना, नीली हैं।
मिथुन: हरा, सफेद, बादामी रंग को प्रमुखता दें। रविवार, शुक्रवार और बुधवार का दिन शुभ है। रत्नों में माणिक्य, हीरा, मोती और पन्ना लाभकारी होगा।
कर्क: सफेद, हरा, गुलाबी और पीला रंग चुनें। रविवार, सोमवार और बुधवार का दिन, रत्नों में पन्ना, मोती, हीरा एवं धातु में चांदी का क्रय करें।
सिंह: सफेद, लाल और पीले रंग की वस्तुएं क्रय करें। सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और रविवार शुभ दिन तथा मूंगा, मोती, माणिक्य, पुखराज शुभ रत्न हैं।
कन्या: सफेद, हरा, गुलाबी और छीटदार रंग, बुधवार, शुक्रवार, रविवार का दिन और पन्ना, हीरा, मोती रत्न शुभकारी होंगे।
तुला: सफेद, हरा काला रंग चुनें। बुधवार, शुक्रवार और शनिवार का दिन तथा हीरा, पन्ना, नीली रत्न तथा चांदी शुभ है।
वृश्चिक: लाल, सफेद, पीले, रंग की वस्तुओं को प्रमुखता दें। रविवार, सोमवार, मंगलवार, गुरुवार का दिन और मूंगा, पुखराज, मोती लाभकारी है।
धनु: पीला, सफेद, लाल रंग, रविवार, सोमवार, मंगलवार,गुरुवार का दिन तथा रत्नों में पुखराज, मोती, माणिक्य लाभकारी होगा।
मकर और कुंभ: काला, हरा और सफेद रंग तथा बुधवार, शुक्रवार और शनिवार का दिन और रत्नों में नीली, हीरा और पन्ना अधिक शुभ होंगे।
मीन: पीला, सफेद, लाल रंग को महत्व दें। सोमवार, मंगलवार, गुरुवार और रविवार का दिन शुभ है। पुखराज, माणिक्य, मूंगा और मोती क्रय करें।





