धनबाद: दो करोड़ 64 लाख 49 हजार 964 रुपये का कोयला लेकर गबन कर जाने के आरोपी मटकुरिया, कतरास रोड निवासी अजीत कुमार उर्फ अजीत कुमार पटेल को बैंकमोड थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर शनिवार को धनबाद कोर्ट में पेश किया। धनबाद के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने आरोपी अजीत को चौदह दिनों के न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
प्राथमिकी बासुदेवा, फ्यूल्स एंड लाइम कंपनी के प्रतिनिधि अब्दुल वाहिद अंसारी की शिकायत पर 12 जुलाई 25 को बैंक मोड थाने मे ठगी व धोखाधड़ी कर रुपये गबन करने की धाराओं के तहत दर्ज की गई थी।
प्राथमिकी के मुताबिक वर्ष 2022 के अक्टूबर माह मे आरोपी उसके रतनजी रोड स्थित ऑफिस में आया और कंपनी के साझेदार प्रकाश अग्रवाल एवं अनिल अग्रवाल को यह कहकर अपने विश्वास में लिया कि वह कोयला का व्यापारी है और कोयला लेकर वह विभिन्न जगहों पर कंपनियों को बेचता है।
उसने कहा कि उसे एक माह के उधारी पर कोयला दिया जाए जिसका वह भुगतान कर देगा। उसके विश्वास में आकर कंपनी ने उन्हें विभिन्न तारीखों में कुल दो करोड़ 64 लाख 49 हजार 964 रुपये का कोयला दिया।प्राथमिकी में आरोप है कि आरोपी अजीत कुमार ने जिन कंपनियों के नाम पर कोयला उठाया वह सारी कंपनी अस्तित्वविहीन थी। फर्जी कंपनी के नाम पर कोयला उठा लिया और रुपये लेकर कंपनी को भुगतान नहीं किया। सारे रुपये गबन कर लिए।
प्राथमिकी के बाद अभियुक्त अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। 11 अगस्त 26 को कांड के अनुसंधानकर्ता श्रीनिवास राव ने वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर आरोपी अजीत के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट अदालत से प्राप्त किया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर कोर्ट के समक्ष पेश कर दिया।






