पटनाः राजधानी पटना में चार दोस्तों की मौत से हड़कंप मच गया है। मामला जिले के बाढ़ अनुमंडल थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव का है, जहां चार दोस्तों की शराब पार्टी या किसी नशीले पदार्थ के सेवन के बाद अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी युवकों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मौत की असली वजह पोस्टमार्टम व चिकित्सकीय जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, बेढ़ना गांव के चार युवक एक साथ थे। ग्रामीणों के अनुसार, उन्होंने किसी नशीले पदार्थ या शराब का सेवन किया था। इसके कुछ समय बाद चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। देखते ही देखते उनकी हालत इतनी खराब हो गई कि सभी बेहोश हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी युवकों को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर बेहतर इलाज के लिए सभी को हायर सेंटर PMCH रेफर कर दिया गया।
चारों ने अस्पताल में तोड़ा दम
बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल की सामान्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रेया शेखर के अनुसार, अस्पताल में चार युवक गंभीर हालत में लाए गए थे। शुरुआत में तीन युवक पहुंचे थे और बाद में चौथे को भी लाया गया। सभी की हालत बेहद नाजुक थी और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। डॉक्टर के मुताबिक, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि युवकों ने आखिर किस चीज का सेवन किया था, हालांकि गांव से नशीले पदार्थ या शराब के सेवन की जानकारी सामने आई है।
पीएमसीएच पहुंचने के बाद इलाज के दौरान चारों युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पंकज कुमार, निशु कुमार, विकास कुमार और शशि कुमार के रूप में हुई है। एक साथ चार दोस्तों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। मृतकों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
शराब पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
घटना के बाद इलाके में जहरीली शराब के सेवन को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि शराब पार्टी के दौरान किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से युवकों की तबीयत बिगड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने अभी तक जहरीली शराब से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बाढ़ के एसडीपीओ राम कृष्णा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चारों युवक घटना से पहले कहां थे और उन्होंने किस चीज का सेवन किया था। मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल चार युवकों की एक साथ मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।








