रांचीः झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा प्रशासनिक कार्यप्रणाली और अधिकारियों के रवैये को लेकर उठाये जा रहे मुद्दों पर खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि वित्त मंत्री जो मुद्दे उठा रहे हैं, कांग्रेस उनका सौ फीसदी समर्थन करती है।उन्होंने कहा कि पार्टी राधाकृष्ण किशोर के साथ मजबूती से खड़ी है। यह सिर्फ राधाकृष्ण किशोर का नहीं, बल्कि जनता का मुद्दा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से भी इस मुद्दे पर स्पष्ट रूप से साथ आने की अपील की। के. राजू ने कहा कि राधाकृष्ण किशोर ने जो सवाल उठाए हैं, वे केवल कांग्रेस के किसी एक मंत्री या कैबिनेट के नहीं हैं। पूरा कैबिनेट सम्मान चाहता है। अधिकारियों से जनप्रतिनिधियों को जो सम्मान मिलना चाहिए, वह नहीं मिल रहा है।
उन्होंने संकेत दिया कि इन विषयों पर राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में भी चर्चा होगी। के राजू ने कहा कि अधिकारियों को सांसदों, विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए। यदि जनप्रतिनिधियों को उचित सम्मान नहीं मिलता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर पूछे गये सवाल के जवाब में के राजू ने कहा कि पूरे मामले पर मुख्यमंत्री नजर रखे हुए हैं, समीक्षा कब पूरी होगी, इसके लिए मुख्यमंत्री पर कोई समय-सीमा तय करने का दवाब नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के सभी विधायकों ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था।
बीजेपी ने कहा- प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू का फोन भी डीजीपी ने नहीं उठाया
वहीं कांग्रेस के बाद अब बीजेपी ने भी अधिकारियों द्वारा जनप्रतिनिधियों की अनदेखी किये जाने का मुद्दा उठाया है। बताया गया कि जामताड़ा में एक प्रसूता रानी देवी की कथित लापरवाही के कारण हुई मौत के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस डरा-धमका रही है। इस मामले को लेकर बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य के डीजीपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन डीजीपी ने न तो उनका फोन उठाया और न ही उनके संदेश का जवाब दिया।


