सरायकेला-खरसावांः राजनगर-चाईबासा NH-220 पर सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। रोला-खैरबनी मोड़ के पास करीब एक बजे हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई और देखते ही देखते दोनों आग के गोले में बदल गए। इस हादसे में ट्रेलर चालक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं दूसरे चालक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर चाईबासा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
4 भारी वाहन हादसे की चपेट में आए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला और दोनों वाहनों में आग फैल गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे दो अन्य ट्रेलर भी आपस में टकराकर सड़क किनारे खेत में पलट गए। इस दुर्घटना में दोनों ट्रेलर चालक घायल हो गए हैं और उनका इलाज जारी है। कुछ ही मिनटों के भीतर चार भारी वाहन इस हादसे की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
2 घंटे बाद आग पर पाया गया काबू, फोरलेन की उठी मांग
घटना की सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे। पुलिस ने दोनों मृत चालकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों ने NH-220 को जल्द फोरलेन बनाने की मांग तेज कर दी है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही रहती है, लेकिन सड़क संकरी होने के कारण आए दिन गंभीर सड़क हादसे होते हैं। स्थानीय लोगों ने केंद्र और राज्य सरकार से सड़क का चौड़ीकरण करने और स्थायी सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।


