रांचीः झारखंड लोक सेवा आयोग(JPSC) के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के मुख्य सचिव रह चुके एलबी खियांग्ते के आवास पर सीआईडी की टीम ने गुरुवार को छापेमारी की है। खियांग्ते के कांके रोड़ स्थित आवास पर सीआईडी की टीम ने जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़कड़ी को लेकर छापेमारी की है।बताया जा रहा है कि CID की टीम पुलिस बल के साथ उनके आवास पर पहुंची और JPSC से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की। जांच टीम द्वारा महत्वपूर्ण कागजात और अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
यह कार्रवाई JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं और धांधली की शिकायतों के बाद की जा रही है। मामले में CID ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस पूरे प्रकरण में CID ने कांड संख्या 16/2026 दर्ज किया है।जांच के दौरान अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। CID की कार्रवाई का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है और जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांग्ते के आवास पर हुई छापेमारी के बाद JPSC परीक्षा विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अब जांच एजेंसी की कार्रवाई और बरामद दस्तावेजों के आधार पर इस मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


