जमशेदपुर: टेल्को स्थित भुवनेश्वरी मंदिर रोड में एन-111 के पास शुक्रवार को चिन्मया स्कूल के बच्चों से भरी टाटा विंगर स्कूल वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। हादसे में करीब 15 से 17 बच्चे घायल हो गए। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। वैन चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

चश्मदीदों ने बताया कि स्कूल वैन स्टेडियम की तरफ से बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी अचानक गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और वह डिवाइडर पर चढ़ गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया और उसका चेंबर भी फट गया। एक्सीडेंट के समय तेज आवाज आई, जिससे आसपास के लोग डर गए। हादसे के बाद वैन में बैठे बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के घरों और फ्लैटों से लोग तुरंत बाहर आ गए।

कुछ ही मिनटों में मौके पर काफी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद एक स्थानीय शख्स ने बताया कि एक्सीडेंट शायद एक कार को बचाने की कोशिश में हुआ।
उनके मुताबिक, सामने की तरफ से आ रही एक कार अचानक स्कूल वैन के बहुत करीब आ गई और उसे छूते हुए निकल गई। कार चालक की तरफ देखने और पीछे मुड़ने के दौरान वैन ड्राइवर का गाड़ी से कंट्रोल हट गया, जिसके बाद वैन सीधे डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और एक्सीडेंट के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है।





