गिरिडीहः दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का गुरुवार को द्वादश श्रार्द्ध कर्म है। कार्यक्रम दिवंगत मंत्री के रिसॉर्ट उत्सव उपवन में होगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ साथ राज्य सरकार के मंत्री और कई सांसद-विधायक शामिल होंगे। श्रार्द्ध कर्म में करीब 30 से 50 हजार लोगों के आने की संभावना है। श्रार्द्ध कर्म में आने वाले लोगों के बैठने के लिए पांच पंडालों का निर्माण किया गया है।
सुदिव्य सोनू के श्रार्द्ध कर्म को यादगार और भव्य बनाने की पूरी तैयारी कर ली गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा के वफादार और मजबूत सिपाही सुदिव्य सोनू के श्राद्धकर्म की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थी। डीसी राम निवास यादव, एसपी बिमल कुमार, डीडीसी स्मृति कुमारी और जेएमएम जिलाध्यक्ष संजय सिंह के साथ घूमकर कल्पना सोरेन ने सभी तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिये।


1500 लोगों के एक साथ बैठने की व्यवस्था
यहां श्राद्ध कार्यक्रम में 30 हजार से अधिक लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में प्रसाद लेने के लिए एक साथ पंद्रह सौ लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। जबकि श्रद्धांजलि के लिए भी अलग अलग स्थानों पर व्यवस्था है।बुधवार को हरेक स्थान का निरीक्षण कल्पना सोरेन के साथ डीसी – एसपी ने किया। यहां कल्पना सोरेन ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, आगंतुकों के आवागमन समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी ली।
सुबह 9 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश निषेध
चूंकि इस श्राद्ध कार्यक्रम में जिले के सभी प्रखंड के अलावा अलग – अलग जिले तथा दूसरे प्रदेश से भी लोगों के आने की संभावना है। ऐसे में शहरी क्षेत्र में सुबह 9 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश निषेध कर दिया गया है, जो मध्य रात्रि 12 बजे तक रहेगा. यातायात व्यवस्था एवं वाहनों की पार्किंग से लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर डीसी – एसपी ने सभी पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। बताया गया कि हर रूट में वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही साथ हर स्थान पर सुरक्षा को लेकर पुलिस पदाधिकारी के साथ जवानों को तैनात किया गया है।






