नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश में हो रहे असामान्य जनसंख्या बदलाव (Unnatural Demographic Change) को गंभीर चुनौती बताते हुए कहा है कि केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर “High-Level Committee on Demographic Change” का गठन कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी गृह मंत्री के इस बयान को साझा किया है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2025 को इस समिति के गठन की घोषणा की थी। अब सरकार ने इसे औपचारिक रूप से गठित कर दिया है। समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त जस्टिस प्रकाश प्रभाकर नावलेकर करेंगे।
समिति में जनगणना आयुक्त के अलावा पूर्व आईएएस अधिकारी दुर्गा शंकर मिश्रा, पूर्व आईपीएस अधिकारी बालाजी श्रीवास्तव और अर्थशास्त्री डॉ. शमिका रवि को सदस्य बनाया गया है। गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव (Foreigners-I) समिति के सदस्य सचिव होंगे।
गृह मंत्री के अनुसार, Demographic Change केवल जनसंख्या से जुड़ा मुद्दा नहीं बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सामाजिक संरचना और जनजातीय समाज के संरक्षण से भी जुड़ा विषय है। समिति पूरे देश में अवैध प्रवास और अन्य कारणों से होने वाले जनसंख्या बदलावों का अध्ययन करेगी और विभिन्न सामाजिक व धार्मिक समुदायों में बदलते पैटर्न का विश्लेषण कर सरकार को समयबद्ध सुझाव देगी।
हालांकि, सरकार की ओर से इस पहल को राष्ट्रीय सुरक्षा और नीति निर्माण से जोड़ा जा रहा है, वहीं इस विषय पर राजनीतिक तौर से देश में एक बार फिर माहौल गर्म होने की आशंका जताई जा रही है ।


