डेस्कः पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले की जांच सीबीआई अपने हाथ में लेगी। इससे पहले बंगाल पुलिस ने खुद इस मामले में सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सीबीआई आज से पश्चिम बंगाल पुलिस से जांच का जिम्मा लेगी।चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में अभी तक कई लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी के पीएम की पिछले दिनों सरेआम हत्या कर दी गई थी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में तीन लोगों को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को बताया, उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में छह मई की रात हुई रथ की हत्या की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने रविवार को आरोपियों को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांचकर्ताओं ने मामले में डिजिटल सबूतों और अंतरराज्यीय संबंधों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की।
उत्तर प्रदेश से बिहार तक भेजी गई पुलिस टीमें
पुलिस ने बताया, “यह बड़ी सफलता है। जांच से संकेत मिला कि हमलावर पश्चिम बंगाल के बाहर के थे। तकनीकी निगरानी डिजिटल ट्रैकिंग और अन्य जानकारियों के आधार पर जांच दल के सदस्यों को उत्तर प्रदेश और बिहार भेजा गया। उन्होंने उत्तर प्रदेश से तीन लोगों को गिरफ्तार किया। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर पश्चिम बंगाल लाया जाएगा।” गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के बक्सर जिले के पंडियापट्टी का निवासी विशाल श्रीवास्तव शामिल है, जबकि दो अन्य आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। अधिकारी ने कहा कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि इनमें से एक शार्पशूटर है।
हत्या के मामले में बिहार के बक्सर जिले से दो युवक, विक्की मौर्य और मयंक मिश्रा, को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पश्चिम बंगाल ले गई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। इसी बीच, विक्की मौर्य के परिवार ने बेटे की गिरफ्तारी को लेकर अनभिज्ञता जताई है।विक्की के पिता गौतम कुमार सिंह ने कहा कि वह मेरा छोटा बेटा है। क्या हुआ है, मुझे कुछ नहीं पता।पुलिस उसे ढूंढते हुए घर आई, मैंने दरवाजा खोला और उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली।इसके बाद पुलिस हमारा मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गई, जो अभी तक वापस नहीं मिला है।प्रशासन की ओर से हमें यह भी नहीं बताया गया है कि उसने क्या किया है या उस पर क्या आरोप हैं?
विक्की के पिता बोले- बेटे का कोई आपराधिक इतिहास नहीं
उन्होंने बताया कि विक्की का कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है।हमने उसे मुंबई में काम पर लगवाया था। वहां किसी कारण से उसका विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने बताया था कि वह दूसरी कंपनी में जा रहा है। हमें लगा कि उसे अपने मुताबिक कोई काम मिल गया होगा। 7 मई को विक्की घर से काम के लिए मुंबई जाने की बात कहकर निकला था। वह दोपहर करीब 12 बजे गया और उसके बाद वापस नहीं लौटा। बाद में हमें मोबाइल के जरिए किसी दूसरे से सूचना मिली कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया है और पश्चिम बंगाल लेकर गई है। विक्की के पिता गौतम ने कहा, मुझे नहीं पता कि बंगाल के सीएम के पीए की हत्या कब हुई। मुझे तो मीडिया से पता चला कि मेरे बेटे को इस मामले में पकड़ा गया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने विक्की के पिता से भी पूछताछ की है।गौतम ने बताया, ‘पुलिस ने हमसे पूछताछ की। मोबाइल जब्त कर लिए।डॉक्टर की पर्ची दिखाने पर भी दूसरे बीमार बेटे को दवाई नहीं खाने दी गई।अगर उसकी दिमागी हालत और खराब हो जाएगी तो कौन जवाब देगा?’


