रांचीः बोकारो कपोजिट कंट्रोल रूम(CCR) के DSP राम प्रवेश कुमार पर पत्नी को प्रताड़ित करने औश्र मायके से पैसे लाने के लिए 10 दिनों तक कमरे में बंद रखकर बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पत्नी ने पूरी घटना की जानाकरी पुलिस को दी। इसके बाद मंगलवार को सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
प्राथमिकी में पत्नी ने बताया कि 11 मार्च 2006 को उसकी शादी राम प्रवेश कुमार से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही राम प्रवेश मायके से पैसे लाने के लिए उसे प्रताड़ित करने लगा। पीड़िता के अनुसार, वह लगातार बातचीत कर पति को समझाने की कोशिश करती रही, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मायके से पैसे लाकर नहीं देने पर उसने मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पिछले 10 दिनों से पति उसे घर के एक कमरे में बंद कर रखा था। वह अक्सर कमरे में ही उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था। पीड़िता के गिड़गिड़ाने के बावजूद वह उसे नहीं छोड़ता था। मारपीट में वह घायल हो गई। रांची पहुंचने के बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्नी के आरोप के संबंध में डीएसपी राम प्रवेश कुमार की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

वकील है डीएसपी की पत्नी, इसी साल हुई शादी
अपने डीएसपी पति पर मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाने वाली महिला झारखंड में ही अधिवक्ता है। अपने आवेदन में उन्होंने बताया है कि उनके डीएसपी पति रामप्रवेश कुमार जो फिलहाल बोकारो जिला में तैनात हैं, पैसे को लेकर अक्सर उसके साथ मारपीट किया करते थे। घर में कई दिनों तक कैद करके उन्हें रखा जाता था।
महिला के अनुसार एक दिन उसने अपने पति से कहा कि वह अपने मायके जाकर पैसे लेकर आएगी जिसके बाद उसे छोड़ा गया। घर से निकाल कर वह सीधे सदर थाना पहुंची और अपने डीएसपी पति के खिलाफ FIR दर्ज करवाया। पीड़ित महिला के अनुसार डीएसपी रामप्रवेश कुमार और उनकी शादी इसी साल मार्च महीने में हुई थी।






