पश्चिम सिंहभूमः शनिवार देर रात मनोहरपुर थाना क्षेत्र के सिमीरता गांव में दो नकाबपोश बदमाशों ने बर्तन व्यापारी को गोली मारी। दुकान का शटर गिराकर हथियार के बल पर 50 हजार रुपये लूट लिये। विरोध करने पर अपराधियों ने सुरजीत के पेट में गोली मार दी। लहूलुहान होने के बावजूद सुरजीत और उनके साथियों ने अदम्य साहस दिखाते हुए एक अपराधी को रंगे हाथों दबोच लिया, जबकि दूसरा पैसे लेकर फरार हो गया।
ग्रामीणों ने आरोपी को बांधकर किया पुलिस के हवाले
शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी को बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया।सूचना पर पहुंची मनोहरपुर पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्तौल और मैगजीन बरामद की है। पुलिस ने घायल व्यापारी और आरोपी दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया है तथा फरार अपराधी की तलाश जारी है।







