गढ़वा: रविवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। बड़गड़ थाना क्षेत्र के सालो जंगल स्थित ललमटिया मोड़ के समीप बाइक सवार युवक को रोककर अपराधियों ने बेहद करीब से गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा और मृतक की अपाची बाइक जेएच-20एफ-8585 बरामद की गई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय दीपक कुजूर के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सिमडेगा जिले का निवासी था, लेकिन वर्तमान में रमकंडा थाना क्षेत्र के बरवा गांव स्थित अपने ससुराल में रह रहा था। पुलिस के अनुसार दीपक अपनी अपाची बाइक से बड़गड़ से भंडरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक अन्य बाइक पर सवार दो अपराधियों ने उसका पीछा किया। ललमटिया मोड़ के पास दोनों ने उसे रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल दीपक को तत्काल भंडरिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वारदात बेहद भयावह थी। उन्होंने बताया कि दीपक अपराधियों से अपनी जान की भीख मांग रहा था। वह बार-बार कह रहा था, हम दे देंगे सर… मुझे मत मारिए। इसके बावजूद हमलावरों ने कोई रहम नहीं दिखाया। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि एक अपराधी ने पहले दो राउंड हवाई फायरिंग की और इसके बाद दीपक की कनपटी पर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी बिना चेहरा ढके मुख्य सड़क से आराम से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रंका के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे सड़क किनारे एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनने की बात भी बताई। पुलिस ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बड़गड़ थाना प्रभारी दीपक कुमार मौर्य ने बताया कि घटनास्थल से तीन कारतूस, दो खोखा और मृतक की बाइक बरामद हुई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में लेन-देन के विवाद सहित सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है तथा गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।


