डेस्कः असम, केरल और केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की कुल 196 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान शुरू हो गया। कुल 5.31 करोड़ वोटर 1,849 प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। असम में 2.50 करोड़ वोटर और 722 उम्मीदवार हैं। यहां अभी बीजेपी की सरकार है। हिमंता बिस्वा सरमा मुख्यमंत्री हैं। मुख्य प्रतिद्वंदी कांग्रेस है, जिसने बीते दो विधानसभा चुनाव में अपनी सीटें और वोट प्रतिशत दोनों बढ़ाए है। कांग्रेस पिछले चुनाव में बीजेसी से एक प्रतिशत वोट से पीछे थी। इस बार असम में झारखंड मुक्ति मोर्चा भी चुनाव लड़ रही है। जेएमएम के स्टार प्रचारक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने असम के 18 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार के लिए धुआंधार चुनाव प्रचार किया है।
असम में वोटिंग से पहले हिमंता बिस्वा सरमा पहुंचे देवघर, बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर में की पूजा अर्चना
इसी तरह, केरल में 833 उम्मीदवारों के लिए 2.71 करोड़ लोग वोट डालेंगे। अभी सीपीआईएम नीत एलडीएफ गठबंधन की सरकार है। पिनराई विजयन दो बार से सीएम हैं। जबकि कांग्रेस नीत यूडीएफ गठबंधन मुख्य प्रतिद्वंदी है। पुडुचेरी में 9.44 लाख वोटर 30 सीटों पर वोट करेंगे। 294 प्रत्याशी मैदान में हैं। सभी जगह मतगणना 4 मई को होगी। गोवा की पोंडा सीट पर भी गुरुवार को वोट डाले जाने थे लेकिन हाईकोर्ट ने चुनाव रद्द कर दिया।असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन लगातार दो बार से सत्ता में है और उनके लिए सत्ता बचाना बड़ी चुनौती बनी हुई है।
असम में कुल 2.5 करोड़ मतदाता
1.25 करोड़ पुरुष वोटर
1.25 करोड़ महिला वोटर
343 थर्ड जेंडर मतदाता
18-19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 5.75 लाख फर्स्ट टाइम वोटर
केरल में 140 सीटों के लिए 833 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। यहां मुख्य राजनीतिक दलों के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. सरकार बनाने के लिए 71 सीटों का बहुमत जरूरी है।
केरल में कुल 2.71 करोड़ मतदाता
1.32 करोड़ पुरुष वोटर
1.39 करोड़ महिला वोटर
273 थर्ड जेंडर वोटर्स
पुडुचेरी में कुल 9.44 लाख मतदाता
लगभग 4.43 लाख पुरुष वोटर
5 लाख महिला वोटर
139 थर्ड जेंडर मतदाता


