विधायक दल की बैठक के बाद बीजेपी का आरोप- हेमंत सरकार ‘मदरसा से टेरेसा’ तक सीमित, विकास से नहीं कोई लेना-देना

रांची: झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में आज भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, सचेतक नागेंद्र महतो, तथा कई विधायकगण मौजूद रहे।

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने राज्य सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “हेमंत सरकार को राज्य के विकास से कुछ भी लेना-देना नहीं है। यह केवल नाम बदलने और तुष्टिकरण की राजनीति में व्यस्त है।”

“मदरसा से टेरेसा तक” 

नवीन जायसवाल ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह महापुरुषों का अपमान कर रही है। उन्होंने कहा, “सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे राष्ट्रीय नायकों के नामों को योजनाओं से हटाकर उनका अपमान कर रही है, जो वास्तव में देश और राज्य का अपमान है।”

उन्होंने सरकार की नई योजनाओं को लेकर कहा कि हेमंत सरकार ‘मदर टेरेसा क्लीनिक’ जैसी योजनाओं के जरिए गांवों में ‘चंगाई सभा’ आयोजित कर धर्मांतरण को बढ़ावा देना चाहती है। “इस सरकार की विकास यात्रा केवल मदरसा से टेरेसा तक सिमटी हुई है,” उन्होंने तंज कसा।

WhatsApp Image 2025 08 01 at 15.37.06

किसानों और बेरोजगारों की अनदेखी का आरोप

जायसवाल ने कहा कि रिम्स-2 के नाम पर किसानों की जमीन छीनी जा रही है, जबकि राज्य के किसान अतिवृष्टि से तबाह हो चुके हैं और सरकार मूकदर्शक बनी बैठी है। सब्जियों से लेकर भदई फसलों तक का नुकसान हो चुका है, लेकिन राहत के कोई संकेत नहीं हैं।

परीक्षा घोटाले से लेकर घुसपैठ तक गंभीर आरोप

भाजपा मुख्य सचेतक ने सीआईडी जांच के नाम पर सीजीएल परीक्षा घोटाले को दबाने का आरोप भी लगाया। वहीं, मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया का विरोध कर सरकार पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

27% आरक्षण पर घेरा

नवीन जायसवाल ने पिछड़े वर्ग के आरक्षण को लेकर कहा कि यदि सरकार की मंशा साफ है, तो वह स्थानीय निकाय चुनाव में 27% आरक्षण को लागू कर दिखाए।

विधि व्यवस्था और महिला सुरक्षा भी रहेगी प्रमुख मुद्दा

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और महिलाओं के खिलाफ अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है। ये सभी मुद्दे भाजपा द्वारा विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाए जाएंगे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now