डेस्कः बिहार के भोजपुर जिले में एक बेहद ही सनसनीखेज हत्यकांड को अंजाम दिया गया है। यहां कोचिंग पढ़ने गए इंटर के छात्र का अपहरण कर हत्या कर दी गई। परिजनों का कहना है कि इंस्टाग्राम पर किसी लड़की को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद लड़की के बॉयफ्रेंड ने हत्या की साजिश रची। पुलिस ने रेलवे अंडरपास के पास से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसी के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पटना में NEET छात्रा की मौत मामले की होगी CBI जांच, नीतीश सरकार ने भेजी सिफारिश
घटना नवादा थाना क्षेत्र के केजी रोड की है।हत्या के बाद छात्र का शव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पिपरहिया रेलवे अंडरपास के नीचे पानी से बरामद किया गया है। मृतक की पहचान बड़हरा थाना क्षेत्र के एकवना गांव के निवासी 18 वर्षीय सन्नी कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो फिलहाल नगर थाना क्षेत्र के धनुपरा में परिवार के साथ रह रहा था।
मृतक इंटर का छात्र था और अपने दोस्त के साथ धनुपरा स्थित अपने घर से कोचिंग पढ़ने निकला था। परिजनों का कहना है कि सन्नी ने अपने चचेरे भाई को फोन किया था और कुछ लोगों के साथ होने की जानकारी दी थी। इसके बाद उसने अपने सगे भाई को कॉल किया और बताया कि कुछ युवक जबरन उसे बाइक पर बैठाकर गड़हनी की ओर ले जा रहे हैं, हत्या की साजिश रची गई है।
बिहार में अपराधियों ने ASI को घेरकर पीटा, पिस्टल भी लूटी, गिरफ्तारी के लिए हो रही है छापेमारी
इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। नवादा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने जांच शुरू की और सीसीटीवी खंगालने के बाद एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इंस्टाग्राम पर हुए एक विवाद के बाद इस हत्या की साजिश रची गई। परिजनों का आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक लड़की से जुड़े विवाद को लेकर लड़की के बॉयफ्रेंड और उसके साथियों ने छात्र का अपहरण किया और मारपीट कर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।


