रांचीः जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का आंदोलन 19वें दिन भी जारी है। धरनास्थल के पास उस समय सब हैरान हो गए जब एक शख्स एयर गन लेकर पहुंचा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों पर जैसे ही उस युवक की नजर पड़ी वो घबराकर भागने लगा। पुलिस ने पूरी मुस्तैदी दिखाते हुए खदेड़कर युवक को पकड़ लिया।
हजारीबाग का रहने वाला है आरोपी
शुरुआती जानकारी के अनुसार, पकड़ा गया युवक झारखंड के हजारीबाग जिले का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह आंदोलन स्थल पर हथियार जैसी दिखने वाली एयर गन लेकर किस नीयत से पहुंचा था।
पुलिस को देखते ही मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जयपाल सिंह स्टेडियम में अभ्यर्थियों और छात्रों का विरोध प्रदर्शन चल रहा था। इसी दौरान भीड़ में एक युवक को एयर गन के साथ संदिग्ध अवस्था में देखा गया। जैसे ही सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसकी ओर रुख किया, युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेर लिया और नियंत्रण में ले लिया।







