रांचीः नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी और मारपीट का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता आरती कुमारी ने पुंदाग ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता आरती कुमारी, जो गोड्डा जिला के पथरगामा थाना क्षेत्र की रहने वाली है, ने बताया कि सितंबर 2025 में रूपा कुमारी नामक युवती ने उसे फोन कर रांची में नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
अलग-अलग किस्तों में 46 हजार रुपये लिए
आरोप है कि एक कंपनी में कंप्यूटर बिलिंग का काम दिलाने के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में कुल 46 हजार रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से ले लिए गए। पीड़िता का कहना है कि पैसे लेने के बाद न तो उसे कोई नौकरी दी गई और न ही पैसे वापस किए गए।इसके अलावा, कंपनी में रहने के दौरान लड़कियों को कमरे से बाहर निकलने नहीं दिया जाता था और परिवार वालों से भी बात करने पर रोक लगाई जाती थी।
12वीं की परीक्षा देने से भी रोका
आरती ने आरोप लगाया कि उसे 12वीं की परीक्षा देने से भी रोका गया, जिससे उसकी पढ़ाई बाधित हो गई। घटना से परेशान होकर आरती अपने पिता दिलीप भगत के साथ रविवार को पुंदाग ओपी पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।आरोप है कि जब पुलिस ने रूपा कुमारी को पूछताछ के लिए बुलाया, तो वह अन्य महिलाओं के साथ ओपी पहुंची और वहां आरती के साथ मारपीट करने लगी। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया।पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इस गिरोह द्वारा पहले भी कई लड़कियों से नौकरी के नाम पर पैसे की ठगी की जा चुकी है। साथ ही, लड़कियों को हास्टल में डरा-धमकाकर रखा जाता था। आरती ने बताया कि उसे साहू चौक के पास एक हास्टल में रखा गया था।



