चतराः बिहार की आर्थिक अपराध इकाई (EOU पटना) की टीम ने शुक्रवार सुबह झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड में छापेमारी की। मामला बिहार से जुड़ा हुआ है। करीब तीन-चार वर्ष पुराना बताया जा रहा है। छापेमारी की कार्रवाई हंटरगंज प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थित ठेकेदारों के आवासों पर चल रही है। EOU की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

मिली जानकारी के अनुसार, EOU की टीम कांग्रेस नेता अरुण सिंह, लोजपा नेता प्रेम सिंह तथा एक अन्य शक्ति सिंह के आवास पर छापेमारी कर रही है। तीनों हंटरगंज प्रखंड के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, छापेमारी के दौरान EOU की टीम किन दस्तावेजों और अन्य बिंदुओं की जांच कर रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि EOU की यह कार्रवाई बालू सिंडिकेट से जुड़े पुराने मामले के सिलसिले में की जा रही है। हालांकि, इस मामले में तीनों व्यक्तियों की कथित भूमिका और जांच के दायरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छापेमारी को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने से परहेज कर रहा है। EOUकी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक बयान नहीं मिलने के कारण छापेमारी के वास्तविक कारणों और जांच के निष्कर्षों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। फिलहाल, तीनों ठिकानों पर EOU की कार्रवाई जारी होने की जानकारी है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही मामले से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।







