- Advertisement -
CM-Foundation daybannerCM-Foundation daybanner

धनबाद के रिंग रोड़ जमीन मुआवजा घोटाले में ACB की कार्रवाई, आरोपी जयनिवास पांडेय वाराणसी से गिरफ्तार

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 26, 2026

धनबाद के रिंग रोड़ जमीन मुआवजा घोटाले में ACB की कार्रवाई, आरोपी जयनिवास पांडेय वाराणसी से गिरफ्तार

धनबादः बहुचर्चित रिंग रोड जमीन मुआवजा घोटाले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। करीब दस साल पुराने इस मामले में फरार चल रहे आरोपी जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री को एसीबी की टीम ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से गिरफ्तार किया है। 25 नवंबर को हुई इस गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया है। इस मामले में जनवरी 2026 में 17 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, जबकि नवंबर में पहले नरसिंह दास और अब जयनिवास पांडेय की गिरफ्तारी हुई है। इस तरह गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर कुल 19 हो गई है।

दूसरे लोगों को सरकारी मुआवजा दिलाया गया
दरअसल, धनबाद में रिंग रोड निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान मुआवजा वितरण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का मामला सामने आया था। आरोप है कि सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों और बिचौलियों के गठजोड़ ने जाली दस्तावेजों के आधार पर वास्तविक जमीन मालिकों के बजाय दूसरे लोगों को करोड़ों रुपये का सरकारी मुआवजा दिलाया। इस पूरे घोटाले में करीब 300 करोड़ रुपये की अनियमितता का आरोप है।

See also  अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने हेमंत सोरेन से की मुलाकात, मुख्यमंत्री ने हर संभव मदद का दिया भरोसा

पहले कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था
इस मामले में एसीबी ने वर्ष 2016 में निगरानी थाना कांड संख्या 32/16 दर्ज कर जांच शुरू की थी। लंबे समय तक चली जांच के बाद 9 जनवरी 2026 को एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धनबाद, रांची, बोकारो और देवघर समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इस दौरान तत्कालीन जिला भू-अर्जन पदाधिकारी उदयकांत पाठक, तत्कालीन अंचल अधिकारी विशाल कुमार, तत्कालीन कानूनगो मिथिलेश कुमार समेत कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।

राशि निकासी का गंभीर मामला सामने आया था
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सरकारी अधिकारी, भू-अर्जन कार्यालय के कर्मचारी, अमीन और कथित बिचौलिए शामिल थे। इस मामले में एसीबी ने 6 अप्रैल 2026 को सभी 17 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र भी दाखिल किया था। जांच में भू-अर्जन अभिलेखों में छेड़छाड़, जमीन के वास्तविक रकबे से अधिक मुआवजा भुगतान और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर राशि निकासी जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे। वहीं, नवंबर महीने में एसीबी ने इस मामले में दूसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के अरवल जिले से नरसिंह दास को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उसने जाली दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का सरकारी मुआवजा हासिल करने में भूमिका निभाई थी। जांच में उसके साथ विश्वनाथ शर्मा और अन्य लोगों की संलिप्तता की बात भी सामने आई।

See also  जेटेट के भाषा निर्धारण में हुई गलती, पलामू-गढ़वा में भोजपुरी को बनाया जाए अनिवार्य विषय- वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

ताजा गिरफ्तारी
अब एसीबी ने जयनिवास पांडेय उर्फ शास्त्री को वाराणसी से गिरफ्तार किया है। 48 वर्षीय जयनिवास पांडेय मूल रूप से बिहार के अरवल जिले का रहने वाला है। वर्तमान में वह धनबाद के मिश्रितापाड़ा स्थित अम्बा अपार्टमेंट में रह रहा था। वह बीसीसीएल का पूर्व कर्मी भी बताया जा रहा है। एसीबी की टीम को उसकी लोकेशन वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र के पटेल नगर में मिली थी। इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से एक रिश्तेदार के मकान में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।

लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच होगी
धनबाद एसीबी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार आरोपी पर अपने बड़े भाई विश्वनाथ शर्मा और नरसिंह दास के साथ मिलकर जाली एवं कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये का सरकारी मुआवजा हासिल करने में संलिप्त रहने का आरोप है। उसकी गिरफ्तारी के बाद अब एसीबी उससे पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और मुआवजे की रकम के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी।

See also  लोहरदगा में सेक्स रैकेट को लेकर छापेमारी, होटल मालिक सहित तीन गिरफ्तार

करीब दस साल पुराने इस घोटाले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों से साफ है कि एसीबी की जांच अभी जारी है। जनवरी में 17 आरोपियों की गिरफ्तारी, नवंबर में नरसिंह दास और अब जयनिवास पांडेय की गिरफ्तारी के बाद कुल संख्या 19 पहुंच गई है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि करोड़ों रुपये के इस कथित मुआवजा घोटाले में और कितने चेहरे बेनकाब होंगे और सरकारी खजाने को हुए नुकसान की भरपाई आखिर कैसे होगी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now