पाकुड़ः जिला में महेशपुर प्रखंड के गड़बाड़ी में एक सेवानिवृत चौकीदार धीरन माल के घर चली घंटों जांच पड़ताल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) रांची की टीम को लाखों रुपये नगद के अलावा करोड़ो की अचल संपत्ति से संबंधित दस्तावेज मिले हैं। यह जानकारी एसीबी की ओर से साझा की गयी है।
एसीबी द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, दुमका थाना कांड संख्या 7/2026 में धारा 13(2) सहपठित धारा 13 (1ई) भ्रष्टाचार निषेध अधिनियम 13 (1बी), उपधारा 13 (2) के नामजद अभियुक्त रिटायर्ड चौकीदार धीरन माल के विरूद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर कार्यपालक दंडाधिकारी, दुमका की मौजूदगी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा तलाशी अभियान चलाया गया।
शुक्रवार को घंटों चली तलाशी अभियान के दौरान धीरन माल के घर के सामने 4 हजार वर्गफीट जमीन उस पर बने पक्का के दो मंजिला मकान जिसकी कीमत लगभग 90 लाख 53 हजार 440 रूपये का पाया गया। जांच पड़ताल एवं तलाशी के दौरान रिटायर्ड चौकीदार के घर से 5 लाख 8 हजार 560 रुपये कैश, 24 हजार रुपये पुराना एक एक हजार का नोट बरामद किया गया है।एसीबी के मुताबिक जांच के दौरान धीरन माल के द्वारा करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति अर्जित करने की भी जानकारी मिली है।




