रांची: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत राज्य के विभिन्न जिलों में शिक्षा, ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, कृषि और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। 15 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत स्कूलों में विशेष प्रार्थना सभाएं, ग्रामीण आवासों में गृह प्रवेश, किसानों को प्रशिक्षण और रोजगार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
इस दौरान राज्य के 31,756 विद्यालयों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई, जिसमें 23.26 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने विकसित झारखंड के निर्माण का संकल्प लिया।

सिमडेगा में महिलाओं को 1.52 करोड़ की सहायता
सिमडेगा में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और ग्राम संगठनों को विभिन्न आजीविका योजनाओं के तहत 1.52 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई। ग्रामीण युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल रथ रवाना किया गया। यहां 26 नवंबर को कोलेबिरा और 27 नवंबर को केरसई में रोजगार मेले आयोजित होंगे। जिले की सभी 94 पंचायतों में ग्रामसभाएं हुईं, जबकि 5,606 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने और 7,179 मानव दिवस सृजित करने की जानकारी दी गई।
आवास योजनाओं के तहत हजारों परिवारों को गृह प्रवेश
ग्रामीण आवास योजनाओं के तहत विभिन्न जिलों में गृह प्रवेश सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। कोडरमा में 549, पलामू में 667 और लोहरदगा में 1,667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सिमडेगा में 320 परिवारों को नवनिर्मित पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया गया। गोड्डा में 655 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य है, जिसमें 17 नवंबर तक 189 परिवार गृह प्रवेश कर चुके थे। लातेहार और हजारीबाग में भी अबुआ आवास एवं अन्य ग्रामीण आवास योजनाओं के लाभुकों ने नए घरों में प्रवेश किया।

रांची में खेत बचाओ अभियान, किसानों को प्रशिक्षण
रांची जिले में कृषि विभाग की ओर से खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। किसानों को बीज वितरण के साथ कृषि संबंधी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। बुढ़मू प्रखंड की सार्ले पंचायत में दलहन में आत्मनिर्भरता मिशन के तहत 51 किसानों को समेकित कृषि प्रणाली का प्रशिक्षण दिया गया। पाकुड़ में भी कृषक चौपाल, कृषक पाठशाला और कृषक गोष्ठियों का आयोजन हुआ।
सरायकेला, गढ़वा और जामताड़ा में भी गतिविधियां
सरायकेला-खरसावां जिले में रोजगार सृजन अभियान के तहत जागरूकता रैलियां निकाली गईं। विद्यालयों में झारखंड के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से संबंधित कार्यक्रम आयोजित हुए। विभिन्न पंचायतों में छठ घाटों की सफाई और पूर्ण आवासों में गृह प्रवेश कराया गया। गढ़वा के नगर उंटारी और रमना प्रखंड में अबुआ आवास के आठ लाभुकों का गृह प्रवेश हुआ। साथ ही दो सड़क निर्माण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। जामताड़ा में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और राज्य की विरासत को बचाने का संकल्प लिया।
लोहरदगा में 1,667 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, विभिन्न जिलों में छठ घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
28 नवंबर तक जारी रहेंगे कार्यक्रम
स्थापना पखवाड़ा के तहत राज्यभर में आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को आवास, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, किसानों को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को झारखंड की गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है। राज्य के विभिन्न जिलों में 28 नवंबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




