भूषण बाड़ा प्रकरण में बीजेपी नेताओं ने राज्यपाल से की शिकायत, पीड़िता की सुरक्षा और विधायक की गिरफ्तारी की माँग

Picture of Live Dainik

Live Dainik

November 17, 2026

रांची: झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो के नेतृत्व में राज्यपाल संतोष गंगवार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग किशोरी के यौन शोषण, मारपीट, गर्भपात कराने और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई? प्राथमिकी के बाद पीड़िता को कथित रूप से विधायक के आवास पर किसके आदेश से ले जाया गया? क्या पीड़िता पर दबाव बनाने या उसके बयान को प्रभावित करने का प्रयास किया गया? भाजपा ने पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में उच्चस्तरीय जाँच और राजनीतिक दबाव से मुक्त कार्रवाई की माँग की।

प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, गम्हरिया थाना परिसर में महिला से दुष्कर्म के आरोप तथा गोड्डा के सुंदरपहाड़ी मिशन से जुड़े यौन शोषण के आरोपों की भी निष्पक्ष जाँच कराने की माँग की। साथ ही, मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों एवं न्यूज चैनल के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई की समीक्षा करने का आग्रह किया। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि झारखंड में आदिवासी बहन-बेटियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। कोई भी व्यक्ति राजनीतिक प्रभाव के कारण कानून से ऊपर नहीं हो सकता। राज्यपाल से सभी मामलों में स्वतंत्र एवं सक्षम एजेंसी से समयबद्ध जाँच कराने तथा पीड़िताओं को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित कराने हेतु राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो, प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, महिला मोर्चा अध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाईक, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर एवं पिंकी खोया सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

See also  चतरा राइफल शूटिंग क्लब के वॉशरूम में लगा था कैमरा, छात्राओं ने किया हंगामा, ट्रेनर गिरफ्तार
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now