बिहारः छठ महापर्व पर उत्तराखंड से बिहार आई एक 14 साल की लड़की से रेप का शर्मनाक मामला सामने आया है। घटना मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र के एक गांव की है। सोमवार सुबह अर्घ्य के बाद छठ घाट से लौटने के बाद किशोरी के ननिहाल के पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को इलाज और मेडिकल जांच के लिए मुजफ्फरपुर के एसकेएमसीएच में भर्ती कराया है। रेप का आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
इस घटना की सूचना मिलने पर सरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता को एसकेएमसीएच अस्पताल पहुंचाया। इसके साथ ही घटनास्थल की फॉरेंसिक जांच कराई गई है। एफएसएल टीम ने मौके से खून के धब्बे सहित अन्य साक्ष्य इकट्ठा किए हैं।
मां और भाई के साथ उत्तराखंड से छठ मनाने ननिहाल आई पीड़िता
पीड़ित किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने माता और पिता के साथ उत्तराखंड में रहती है। छठ पूजा महापर्व के अवसर पर वह अपनी मां और भाई के साथ ननिहाल आई हुई थी। सोमवार सुबह घाट वह अपने परिजन और रिश्तेदारों के साथ छठ घाट पर गई।
पीड़िता के अनुसार, अर्घ्य देने के बाद वह अपनी नानी और मां के भीगे हुए कपड़े लेकर घर लौट रही थी। इस दौरान ननिहाल के पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने भी अपने कपड़े उसे घर पहुंचाने के लिए उसे दे दिया।
पड़ोस के युवक ने मौका पाकर लड़की को घर में बंद कर रेप किया
पीड़ित लड़की ने बताया कि वह अपने ननिहाल स्थित घर पहुंची, वहां अपनी मां और नानी के कपड़े रखे। फिर पड़ोस की महिला के कपड़े रखने उसके घर गई। तभी महिला का बेटा अमन घर में अकेला था। वह लड़की को घर के अंदर ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने उसका जबरन दुष्कर्म किया। लड़की उसके बाद भागकर अपने ननिहाल पहुंची और मामी को आपबीती सुनाई। जानकारी मिलने पर परिजन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस क्या बोली?
इस संबंध में सरैया थानाध्यक्ष संतोष कुमार पंकज ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पीड़िता को इलाज एवं मेडिकल जांच के लिए एसकेएमसीएच भेजा गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है।





