Anant Singh Meet Akshara Singh: भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह इस बार छठ पूजा खास तरीके से मना रही हैं। उन्होंने बिहार की राजनीति से जुड़े कई नेताओं को छठ पर अपने घर आने का न्योता दिया था। अक्षरा सिंह ने अनंत सिंह को भी उनके घर जाकर न्योता दिया था। ऐसे में मोकामा के विधायक अनंत सिंह खरना पूजा वाले दिन अक्षरा सिंह के घर पहुंचे।
अनंत सिंह ने खाया खरना का प्रसाद
इस दौरान अनंत सिंह ने अक्षरा सिंह के घर खरना का प्रसाद खाया। कुछ देर के लिए अक्षरा सिंह के घर पर विधायक रूके भी। एक्ट्रेस के परिवार के लोगों से उन्होंने बात की। इसके बाद अपनी बेटी शिवांगी की शादी में अक्षरा सिंह को आने के लिए निमंत्रण दिया। इसके बाद वे चले गए।
अनंत सिंह ने क्या कहा?
मीडिया से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि वे अक्षरा सिंह के घर छठ का प्रसाद खाने आए थे। बेटी की शादी का निमंत्रण भी दिया। अक्षरा सिंह ने कहा है कि वे शादी में आयेंगी। इतना ही नहीं, अनंत सिंह ने इस दौरान मौजूद सभी पत्रकारों से यह भी कहा कि सभी लोग शादी में आएं। किसी का कार्ड अगर गलती से छूट गया हो तो माफ कर दीजिए।
बेटी की शादी में सभी को बुलाया
अनंत सिंह ने कहा कि शादी में आने के लिए निमंत्रण की भी जरुरत नहीं है। वहां कोई सिनेमा नहीं है, जिसको देखने के लिए टिकट दिखाना होगा। शादी में सब लोग आयेंगे। कार्ड की जरुरत नहीं। अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को है। इसके लिए तैयारियां अभी से ही की जा रही हैं। पंडाल से लेकर अन्य तैयारियों को तेज कर दिया गया है।
लालू-नीतीश समेत कई नेताओं को दिया न्योता
अक्षरा सिंह की बात करें तो, उन्होंने छठ महापर्व पर अपने घर आने के लिए कई नेताओं को निमंत्रण दिया था। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, संजय झा समेत अन्य नेताओं के घर वे पहुंची थी। सभी के साथ मुलाकात की तस्वीरों को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर भी किया था।






