रांचीः सिमडेगा जिले की 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग से जुड़े बहुचर्चित मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर यौन उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोपों के बीच पीड़िता का बयान रांची पॉक्सो (POCSO) की विशेष अदालत में दर्ज कर लिया गया है। इस घटना के बाद से झारखंड के राजनीतिक गलियारों और सामाजिक संगठनों में हड़कंप मचा हुआ है। पीड़िता का बयान दर्ज करने के बाद सीलबंद कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी (FIR) के अनुसार, मई 2026 में एमा बड़ा और जोसिमा खाखा नामक महिलाओं ने उसे पढ़ाई और स्कूल में नामांकन कराने का झांसा दिया था। इसके बाद उसे सिमडेगा से रांची स्थित विधायक भूषण बाड़ा के आवास पर लाया गया, जहां उससे घरेलू काम कराया जाने लगा। FIR में आरोप लगाया गया है कि विरोध करने या काम में देरी होने पर उसे बेरहमी से पीटा जाता था गालियां दी जाती थीं और भरपेट खाना भी नहीं दिया जाता था। इसके बाद 5 अगस्त 2026 को रांची के विधायक आवास संख्या-12 में विधायक भूषण बाड़ा द्वारा उसके साथ दुष्कर्म किया गया और किसी से जिक्र करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। डरी-सहमी पीड़िता अगले दिन किसी तरह अपने गांव वापस लौटी, जहां तबीयत बिगड़ने पर उसने आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।
अब तक की मुख्य कार्रवाई
इस घटना में कथित तौर पर सहयोग करने वाली महिलाओं (एमा बड़ा और जोसिमा खाखा) और आरोपी विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद राज्यभर में उबाल देखा जा रहा है। विपक्षी दलों और विभिन्न आदिवासी-सामाजिक संगठनों ने इस मामले में कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संगठनों का कहना है कि एक नाबालिग अनाथ बच्ची के साथ इस तरह का कृत्य बेहद शर्मनाक और अमानवीय है।





