बरही चौक की ओर भागे अपराधी
प्रारंभिक पुलिस जानकारी के मुताबिक, फायरिंग करने के बाद दोनों अपराधी बाइक से बरही चौक की ओर भागे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई। मौके पर बरही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद भी बरही पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फायरिंग के दौरान होटल के बाहरी हिस्से के शीशे पर गोली लगने से उसमें छेद और निशान बन गए हैं। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अपराधियों ने होटल के बाहर फायरिंग क्यों की। क्या यह किसी को डराने की कोशिश थी या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसकी जांच की जा रही है। एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर ने बताया कि पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है और अपराधियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही अपराधियों को ढूंढ निकाला जाएगा। अनुसंधान प्रभावित नहीं हो, इस वजह से उन्होंने मामले से जुड़ी कुछ अन्य जानकारियां साझा करने से इनकार किया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।






