पटनाः राजधानी के डाकबंगला चौराहा स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की बड़ी दुकान में मंगलवार सुबह आग लग गई। संगीता इलेक्ट्रॉनिक्स के शोरूम में आग काफी तेजी से फैल गई। दुकान के बाहरी हिस्से तक आग की लपटें दिख रही थीं।
तेजी से फैली आग की लपटें
आशंका है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम जुटी हुई है। यह दुकान काफी पुरानी और प्रसिद्ध रही है। इससे पहले दीपावली की रात राजधानी में अगलगी की 41 घटनाएं सामने आईं। इनमें छह घटनाएं काफी गंभीर थीं। आग की चपेट में आने से 53 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलकर राख हो गई। जिला अग्निशमन पदाधिकारी अभिषेक कुमार के अनुसार, रविवार शाम चार बजे से सोमवार सुबह चार बजे तक आग लगने की 41 घटनाएं दर्ज की गईं।

इनमें 32 स्थानों पर आतिशबाजी के कारण आग लगी। वहीं, कुछ जगहों पर दीपक और शार्ट सर्किट आग लगने की वजह बने। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए 50 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया।
गोदाम से लेकर दुकानों तक पहुंची आग
बाईपास थाना क्षेत्र के पैजावा मोड़ के समीप एक गोदाम में आतिशबाजी के दौरान आग लग गई। इस घटना में 10 लाख रुपये से अधिक का सामान जल गया।
वहीं, कंकड़बाग थाना क्षेत्र में ग्रेविटी माल के पास स्थित विजय अमन अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर की एक कंप्यूटर दुकान में दीपक से आग लग गई। इस हादसे में करीब 15 से 20 लाख रुपये के कंप्यूटर और इलेक्ट्रानिक सामान नष्ट हो गए।
अग्निशमन टीम ने तत्परता दिखाते हुए अपार्टमेंट से 30 से 35 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दानापुर अनुमंडल के मनेर स्थित आजाद नगर की एक कबाड़ी दुकान आतिशबाजी की चपेट में आ गई। यहां पांच लाख रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में महेंद्रू पोस्ट आफिस के पास शार्ट सर्किट से आग लगी, जिसमें करीब 10 लाख रुपये की क्षति हुई।







