DESK: हजारीबाग में बुधवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की पटना शाखा ने दो घरों में छापेमारी की। दोनों घर बड़ा बाजार थाना क्षेत्र के हुरहुरू स्थित बाबा पथ के सुभाष बारला मार्ग पर हैं। ये घर दो भाइयों के बताए जा रहे हैं। इनके नाम प्रदीप साव और उदय साव है।
बताया जाता है कि सुबह के लगभग 3:00 बजे के आसपास एनआईए की टीम दोनों घरों में पहुंची और करीब साथ घंटे तक छानबीन चली। हजारीबाग जिला प्रशासन ने भी इस जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का सहयोग किया। मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी छानबीन पटना फेक करेंसी से जुड़ा हुआ है।

छापेमारी के बाद एनआईए की टीम ने कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक प्रिंटर मशीन जब्त किया है, जिसे अपने साथ रांची ले गई है। बताया जाता है कि कुछ अहम सबूत भी हाथ लगे हैं। हालांकि मामला का खुलासा होने के बाद यह साफ हो सकेगा। फिलहाल एनआईए की टीम ने छापेमारी को लेकर किसी भी तरह की जानकारी साझा नहीं की है। टीम ने स्पष्ट रूप से कहा कि अभी किसी भी तरह की टिप्पणी नहीं किया जा सकता है।
![]()
छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर को अपने सुरक्षा घेरा में ले लिया था। किसी भी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी जा रही थी। वहीं, जिनके घर में छापेमारी चल रही थी, उन्हें भी घर से बाहर आने की अनुमति नहीं दी गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात घर में कुछ लोगों का आना-जाना होता है, लेकिन ये लोग कहां के रहने वाले हैं इसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी नहीं है।






