डेस्कः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को वाराणसी से एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 2027 में वह खुद विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके साथ ही दावा किया कि सीधे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि यही हमारे लिए शुभ है, इसलिए वही काम करेंगे जो शुभ होगा। सपा मुखिया ने काशी की किसी सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में यह बात कही।
मंगलवार को काशी पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम तब मुख्यमंत्री बनते हैं जब चुनाव नहीं लड़ते हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार कहां से मुख्यमंत्री बना था बताओ? लोकसभा से…तो फिर वहीं से आकर शपथ लूंगा। बता दें कि अखिलेश जब 2012 में यूपी के मुख्यमंत्री बने थे उस समय वह उत्तर प्रदेश विधानमंडल के किसी सदन के सदस्य नहीं थे बल्कि कन्नौज से सांसद थे। सीएम बनने के बाद उन्होंने लोकसभा सदस्यता से इस्तीफा दिया था।
अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे
कहा- "हम CM तब बनते है जब चुनाव नहीं लड़ते"
@samajwadiparty @mediacellsp @yadavakhilesh https://t.co/00rgFmezdI— Live Dainik (@Live_Dainik) November 3, 2026
अखिलेश यादव ने बनारस में योगी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन सपा उम्मीदवार को एमएलसी चुनाव हरवाना चाहता था। लेकिन बाबा विश्वनाथ ने डबल आशीर्वाद दे दिया। सपा प्रमुख ने दालमंडी में उजाड़े गए व्यापारियों और दुकानदारों का उल्लेख करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में यह मुद्दा भी होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में 200 विधायकों का टिकट काटने जा रही है। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि मां गंगा ने जिसे बुलाया था उन्होंने ही मां गंगा को भुला दिया।
वाराणसी में योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने मणिकर्णिका घाट की विरासत मिटाने की कोशिश की। एमएलसी चुनाव में इसका जवाब मिला है। उन्होंने कहा कि भाजपा असली अराजक है। सपा मुखिया ने कहा कि आप सोचिए बांदा में एक नवजात बच्चे को कुत्ता नोच ले गया। ये कौन सुन सकता है? बरेली में अभी देश के मंत्री आए हैं। वह बरेली से आगे चले जाएं। शाहजहांपुर क्यों नहीं जाते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जब जाएगी तो बनारस मुस्कुराएगा। समाजवादी सरकार में मेट्रो बनाने का काम होगा। अखिलेश यादव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण और भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि नकली सनातनियों के बयानों से लोग दुखी हैं। इन नकली सनातनियों को रोका जाए।







