- Advertisement -
cm-dipawali-bannercm-dipawali-banner

लोहरदगा में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, कुडू पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ आठ को किया गिरफ्तार, कार-बाइक और मोबाइल जब्त

Picture of Live Dainik

Live Dainik

October 31, 2026

लोहरदगा में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, कुडू पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ आठ को किया गिरफ्तार, कार-बाइक और मोबाइल जब्त

लोहरदगा : जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आठ युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे काले रंग की महिंद्रा थार वाहन को भी जब्त किया गया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि आरोपित चंदवा-कुडू मार्ग से थार में ब्राउन शुगर लेकर खरीद-बिक्री के लिए जा रहे थे। इसकी गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस ने कुडू थाना क्षेत्र के केरवाड़ी मोड़ के पास घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों में पांच रांची और तीन लातेहार जिले के निवासी बताए गए हैं। एसपी ने बताया कि पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। जिसमें यह पता लगाना है कि ब्राउन शुगर की खेप कहां से लाई गई थी, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस अवैध कारोबार में इनके अलावा कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस इस नेटवर्क के संभावित आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपित पहले भी मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में शामिल रहे हैं या नहीं। एसपी का मानना है कि पूछताछ और आगे की जांच से इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।

एसपी को मिली थी तस्करी की गुप्त सूचना
बताया जाता है कि 30 अक्टूबर की रात पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा-कुडू रोड से काले रंग की महिंद्रा थार जेएच01एफएक्स0060 में ब्राउन शुगर की खेप ले जाई जा रही है। इसका इस्तेमाल अवैध खरीद-बिक्री के लिए किया जाना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद किस्को अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। इसमें कुडू थाना प्रभारी नीरज झा और थाना के सशस्त्र बल को शामिल किया गया। कार्रवाई के दौरान कुडू के अंचलाधिकारी संतोष उरांव को भी साथ रखा गया, ताकि तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया विधिवत पूरी की जा सके।

See also  भागलपुर के थाने से कारबाइन की मैगजीन और 35 गोलियां गायब, हवलदार सस्पेंड

निर्माणाधीन मकान में छिपे मिले आठ युवक
पुलिस टीम गुप्त सूचना के सत्यापन के लिए केरवाड़ी मोड़ के पास पहुंची। इसी दौरान चंदवा की ओर से काले रंग की महिंद्रा थार आती दिखाई दी। वाहन को केरवाड़ी मोड़ से पहले सड़क किनारे रोक दिया गया। इसके बाद उसमें सवार दो युवक पास के एक निर्माणाधीन मकान की ओर चले गए। पुलिस को गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद टीम ने सावधानी बरतते हुए निर्माणाधीन मकान को चारों तरफ से घेर लिया और अंदर प्रवेश किया। वहां कुल आठ युवक मौजूद मिले। पुलिस ने सभी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ की। उनकी पहचान और पता सत्यापित करने के बाद अंचलाधिकारी की मौजूदगी में विधिवत तलाशी ली गई।

सभी आठ युवकों की जेब से मिला ब्राउन शुगर
तलाशी के दौरान पुलिस को एक-एक कर सभी आठ युवकों के पास से एल्युमिनियम फॉयल में पैक ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ मिला। पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ को युवकों ने भी ब्राउन शुगर बताया। अलग-अलग पैकेटों का वजन करने पर कुल करीब 98.25 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस की ओर से जारी विवरण के अनुसार, रांची के रातू रोड स्थित छोटानागपुर स्कूल के पास रहने वाले पंकज कुमार (25) के पास से 5.15 ग्राम, माउंट मोटर गली निवासी अभय कुमार (25) के पास से 7.32 ग्राम और कांके रोड की भिट्टा बस्ती निवासी अलतमस अंसारी (21) के पास से 8.01 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसी तरह भिट्टा बस्ती निवासी वाहिद अंसारी (32) के पास से 11.09 ग्राम, सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में बाबा अस्पताल के पास रहने वाले संदीप कुमार यादव (23) के पास से 9.54 ग्राम और रातू रोड के इंद्रपुरी रोड नंबर चार निवासी आर्यन राज चौधरी (18) के पास से 8.21 ग्राम मादक पदार्थ मिला। वहीं, लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुसुम टोली निवासी रितुराज जायसवाल उर्फ रितुराज कुमार (24) के पास से सबसे अधिक 32.81 ग्राम और लुकइया मोड़ निवासी सोनू राज कुमार (28) के पास से 16.12 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इस प्रकार सभी आठ आरोपितों के पास से कुल 98.25 ग्राम मादक पदार्थ जब्त किया गया।

See also  रांची नगर निगम में मेयर पद के लिए रमा और रोशनी खलखो में होगा मुकाबला, BJP ने प्रत्याशियों के नाम पर लगाई मुहर

थार वाहन भी पुलिस ने किया जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे काले रंग के महिंद्रा थार वाहन जेएच01 एफएक्स 0060 को भी जब्त कर लिया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए सभी आठ युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जब्त वाहन की भूमिका और मादक पदार्थ की खरीद-बिक्री से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुआ प्राथमिकी
इस मामले में कुडू थाना कांड संख्या 95/26, दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी) और 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरी कार्रवाई में किस्को अंचल के पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर आजाद, कुडू थाना प्रभारी नीरज झा, आरक्षी आशुतोष कुमार सिंह, आरक्षी संख्या 240 जय कुमार यादव, आरक्षी संख्या 813 अखिलेश कुमार सहित कुडू थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। अंचलाधिकारी संतोष उरांव की मौजूदगी में तलाशी और जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई।

See also  मुजफ्फरपुर के प्रसाद हॉस्पीटल में लगी भीषण आग, 4 मरीज जिंदा जले, 25 से अधिक मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर
कुडू में हुई इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। खास बात यह है कि पुलिस ने एक साथ आठ युवकों को गिरफ्तार करने के साथ ही करीब 98 ग्राम ब्राउन शुगर और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला वाहन भी जब्त किया है। अब पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि इस खेप के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था और जिले में मादक पदार्थों की आपूर्ति किन माध्यमों से की जा रही थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now