गिरिडीहः गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में रविवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। निमाटांड़ गांव के पास एक वैगनआर कार आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से घुस गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई। इसके बाद भी ट्रेलर चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। वह कार को छह किलोमीटर तक घसीटता रहा।

इस हादसे में कार के ड्राइवर महेश यादव की मौत हो गई जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों की पहचान भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, केशवारी से धनवार प्रखंड के गोरहंद लौट रही कार निमाटांड़ के पास आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई और उसमें बुरी तरह फंस गई। इसके बाद ट्रेलर चालक कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव तक ले गया. वहां ट्रेलर छोड़कर चालक फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक कार चालक की मौत हो चुकी थी। वहीं अन्य दो गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया।जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।







