पटनाः राजधानी पटना से सटे बिक्रम में भैया की हैवानियत ने रिश्ते को तार-तार कर दिया है। यहां रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में शनिवार सुबह 20 वर्षीय अजीत कुमार ने दबिया से अपने डेढ़ वर्षीय छोटे भाई की गला काटकर हत्या कर दी। आरोपित ने गांव के देवी मंदिर में वारदात को अंजाम दिया और शव को गमछे में लपेटकर घर लौट आया। यह देख परिजन सन्न रह गए।
घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। बाद में ग्रामीणों ने आरोपित अजीत कुमार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त दबिया जब्त कर ली है। ग्रामीणों के अनुसार, युवक नशे का आदी है और नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर अक्सर परिजनों से झगड़ा करता था। पुलिस को आशंका है कि नशा करने का विरोध किए जाने पर अजीत ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपित से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

खेलने के बहाने मंदिर ले गया था
जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव ट्रैक्टर चालक हैं। उनके तीन बेटे थे, जिनमें अजीत सबसे बड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार रंजू यादव का डेढ़ वर्षीय छोटा बेटा मनीष उर्फ हनुमान शनिवार की सुबह घर के सामने खेल रहा था। इसी दौरान करीब 10 बजे उसका बड़ा भाई अजीत वहां पहुंचा और उसे खिलाने के बहाने नहर के किनारे स्थित देवी मंदिर में ले गया। मंदिर में पहुंचने के बाद उसने मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने नारियल फोड़ने के लिए रखे पत्थर पर छोटे भाई की गर्दन रख दी। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने दबिया से मासूम की गर्दन काट दी। हत्या के बाद आरोपित खून से सने भाई के सिर और धड़ को गमछे में लपेटकर घर पहुंचा। यह दृश्य देखकर परिजन चीखने-चिल्लाने लगे और इलाके में अफरातफरी मच गई।
नशे के लिए परिजनों से करता था झगड़ा: शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अजीत को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि अजीत स्मैक और गांजे का आदी है। नशे के लिए पैसे मांगने को लेकर वह अक्सर परिजनों से झगड़ा करता था। नशा नहीं मिलने पर घर में हंगामा भी करता था। ग्रामीणों का दावा है कि नशे की लत के कारण उसकी मानसिक स्थिति खराब हो गई थी। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पालीगंज के एसडीपीओ-2 पंकज कुमार शर्मा ने करहा कि आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने नमूने एकत्र किए हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।







