डेस्कः क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भारत और न्यूजीलैंड की टीम्स टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में आमने-सामने थी। इस रोमांचक मैच को भारत ने एक गेंद रहते हुए 4 विकेट से जीत लिया। इस मैच में जीत के हीरो तिलक वर्मा और नीतीश रेड्डी बने।

46 off 18? No problem for these two 🔥
Scorecard ▶️ https://t.co/FZtUFIFWS2
#TeamIndia | #NZvIND https://t.co/eBaIQuhwil
— BCCI (@BCCI) October 24, 2026
181 रनों का लक्ष्य हासिल कर भारत ने 5 टी-20 मैच के सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है। तिलक वर्मा ने 25 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया।इस मैच में वैभव सूर्यवंशी को ईशान किशन कि जगह लिया गया था लेकिन वो कोई कमाल नहीं कर सके। टारगेट का पीछा करते हुए भारतीय टीम की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही। संजू सैसमन सिर्फ 14 रन बनाकर चलते बने। संजू का विकेट जैकब डफी ने लपका। फिर नाथन स्मिथ ने वैभव सूर्यवंशी (4 रन) को पवेलियन भेज दिया, जो तीसरे नंबर पर बैटिंग करने उतरे थे। इसके बाद भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा के रूप में सबसे बड़ा झटका लगा, जो कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर की फिरकी में फंस गए। अभिषेक ने 3 चौके और एक सिक्स की मदद से 21 बॉल पर 27 रनों का योगदान दिया। सेंटनर यहीं नहीं रुके। उन्होंने एक ही ओवर में श्रेयस अय्यर और अक्षर पटेल को आउट कर भारत का स्कोर 70/5 कर दिया। नमन धीर ने कुछ बड़े शॉट्स लगाकर भारत की उम्मीदें जगाईं, लेकिन मिचेल सेंटनर के जाल में वो भी फंस गए। नमन ने तीन छक्के और एक चौके की सहायता से सिर्फ 17 गेंदों पर 31 रनों का याोगदान दिया। 112 रनों पर छठा विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा का साथ देने नीतीश कुमार रेड्डी क्रीज पर उतरे। दोनों ने शुरुआत में संभल कर बल्लेबाजी की और फिर गियर बदला।
न्यूजीलैंड की पारी: फिलिप्स-जैकब्स के अर्धशतक
मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 180 रन बनाए। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही।अर्शदीप सिंह ने भारत को पहली सफलता दिलाई। पारी के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर टिम सीफर्ट (7 रन) बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट गंवा बैठे। अर्शदीप ने ऑफ स्टम्प के बाहर हार्ड लेंथ गेंद डाली, जिस पर सीफर्ट के बल्ले का निचला हिस्सा लगा। गेंद हवा में उछली और तिलक वर्मा ने कवर पर आसान कैच लपक लिया।
भारत को दूसरी सफलता भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को 6 रनों पर आउट कर दिलाई, तिलक वर्मा ने एक बार फिर कवर पर कैच लपका। भुवनेश्वर का यह टी20 इंटरनेशनल में वापसी पर पहला विकेट रहा। न्यूजीलैंड का तीसरा विकेट 41 रनों पर फिन एलन के रूप में गिरा, उनको प्रिंस यादव ने 16 रनों पर बोल्ड किया।
यहां से ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने चौथे विकेट के लिए 116 रन जोड़कर न्यूजीलैंड को अच्छे स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। फिलिप्स ने 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 43 गेंदों पर 70 रनों का योगदान दिया। फिलिप्स पारी के 18वें ओवर में अर्शदीप सिंह की आखिरी गेंद पर आउट हुए। जैकब्स ने 46 बॉल पर 58 रन बनाए, जिसमें 5 चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके। वहीं भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक सफलता हासिल की।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत की प्लेइंग XI: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश रेड्डी, अक्षर पटेल, नमन धीर, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव
न्यूजीलैंड की प्लेइंग XI: टिम साइफर्ट, फिन एलेन, डैरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्युसन








