रांचीः बांग्लादेश की लड़कियों को नौकरी का झांसा देकर भारत लाने, उनके फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार करने और देह व्यापार में धकेलने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कसा है। नौकरी दिलाने के नाम पर बांग्लादेश की लड़कियों को रांची लाकर, उनकी पहचान से संबंधित फर्जी कागजात तैयार कर, उनसे देह व्यापार कराने के मामले में मनी लांड्रिंग के तहत जांच कर रही ईडी ने धंधे में शामिल आरोपित दंपत्ति की 3.60 करोड़ की अचल संपत्ति जब्त की है।
आरोपित दंपत्ति में माइकल जोसेफ तिर्की व उसकी पत्नी मोना तिर्की है, जिसपर बांग्लादेशी लड़कियों से रांची में देह व्यापार कराकर अपराध की आय से उक्त संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की पुष्टि हुई है। जब्त अचल संपत्ति की वर्तमान कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पूरा मामला रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के एक रिसार्ट में जून 2024 में हुए सेक्स रैकेट के खुलासे से जुड़ा है। इसी केस के आधार पर ईडी ने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज की थी। जांच के क्रम में ईडी ने बांग्लादेशी लड़कियों के एजेंट्स, गिरोह में शामिल सदस्य आदि का खुलासा किया था। झारखंड व बंगाल से कई आरोपित गिरफ्तार हुए थे, जिनके बांग्लादेशी कनेक्शन उजागर हुए थे।
रांची के बरियातू स्थित रिसार्ट से भागी लड़की ने किया था खुलासा
रांची के बरियातू स्थित जिस रिसार्ट में देह व्यापार कराया जा रहा था, वहां से एक निपाह अख्तर खुशी नाम की बांग्लादेशी लड़की तीन जून 2024 को भागकर पुलिस के पास पहुंची थी। उसने देह व्यापार के मामले में शिकायत की थी, जिसके बाद रांची पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया था।
ईडी ने बरियातू थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर केस दर्ज कर जांच की। जांच में पता चला कि बांग्लादेशी लड़कियों को देश में अच्छी नौकरी व काम दिलाने का झांसा दिया जाता था। अवैध तरीके से सीमा पार कराया जाता था और उनका भारतीय पहचान से संबंधित फर्जी दस्तावेज बनाया जाता था।
31 मई 2024 की आधी रात बांग्लादेश सीमा से पश्चिम बंगाल में प्रवेश
बांग्लादेशी लड़की निपाह अख्तर उर्फ खुशी 31 मई 2024 की आधी रात बांग्लादेश सीमा से अवैध तरीके से पश्चिम बंगाल में प्रवेश की थी। इसमें मनीषा नामक एक महिला ने झूमा नामक महिला की मदद से उसे सीमा पार कराया था। पश्चिम बंगाल से उसे काम दिलाने का झांसा देकर रांची लाया गया था, जहां उससे देह व्यापार कराया जा रहा था। निपाह अख्तर खुशी को रांची के बरियातू स्थित रिसार्ट से एक अपार्टमेंट में भी रखा गया था, जहां उसकी मुलाकात दो अन्य बांग्लादेशी लड़कियां परवीन व झूमा से हुई थी। रांची में उन्हें पनाह देने व देह व्यापार में शामिल कराने में माइकल जोसेफ तिर्की व उसकी पत्नी मोना तिर्की ने भूमिका निभाई थी। देह व्यापार कराकर इस दंपत्ति ने करोड़ों की संपत्ति अर्जित की थी।






