लोहरदगा : जापान के आइची नागोया शहर स्थित इचिनोमिया सिटी म्यूनिसिपल जिम्नेजियम में आयोजित 5वें एशियन पैरा गेम्स 2026 में लोहरदगा की होनहार अंतरराष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए कांस्य पदक अपने नाम किया है। पहली बार एशियाइ पैरा खेलों में भाग ले रहीं संजना ने महिला एकल एसएल 3 वर्ग में यह उपलब्धि हासिल कर देश, झारखंड राज्य और अपने गृह जिला लोहरदगा का नाम रोशन किया है। संजना लोहरदगा के शास्त्री नगर ढोड्हा टोली की रहने वाली है। एशियाइ पैरा गेम्स में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी के महिला एकल एसएल-3 स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने पर प्रधानमंत्री ने बधाई दी है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए बधाई दी और भविष्य में बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी है। विगत रात खेले गए महिला सिंगल्स एसएल 3 के सेमीफाइनल मुकाबले में संजना कुमारी का मुकाबला जापान की मजबूत खिलाड़ी कवाई शिनो से हुआ। इस कड़े मुकाबले में जापानी खिलाड़ी ने 2-0 (21-7, 21-9) से जीत हासिल की। हालांकि संजना फाइनल में जगह नहीं बना पाईं, लेकिन सेमीफाइनल तक का शानदार सफर तय करते हुए उन्होंने कांस्य पदक पक्का किया। संजना कुमारी के पिता पूर्व सैनिक रतन कुमार ने बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर काफी खुश हैं।

उन्होंने कहा है कि यदि संजना को बेहतर सुविधा और सहायता मिले तो वह और भी बेहतर प्रदर्शन कर सकती है। उन्होने झारखंड सरकार और खेल विभाग से अपील की है कि संजना को वर्ष 2028 में होने वाले पैरालंपिक खेलों की तैयारी के लिए वित्तीय और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, जिससे वह अपनी ट्रेनिंग और उच्च कोटि के उपकरणों के बल पर आगामी पैरालंपिक में देश के लिए स्वर्ण पदक जीत सके। संजना की इस उपलब्धि से पूरे लोहरदगा जिले में खुशी का माहौल है।







