जमशेदपुर में CNG पाइप फटने से कर्मचारी की मौत, CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना,PESO टीम जांच में जुटी

Picture of Live Dainik

Live Dainik

September 1, 2026

जमशेदपुर में CNG पाइप फटने से कर्मचारी की मौत, CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना,PESO टीम जांच में जुटी

जमशेदपुरः गोलमुरी के हावड़ा ब्रिज स्थित आके जैन भारत पेट्रोल पंप सीएनजी पाइप फटने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। ये पूरी घटना CCTV में कैद हुई। सीएनजी भरने के दौरान ये पूरी घटना हुई। मृतक की पहचान 24 साल के तुषार कुमार के रूप में हुई है जो सुनारी के रहने वाले थे और दो महीने बाद उनकी शादी होने वाली थी।

सिर पर तेज गति से लगा नोजल
प्रत्यक्षदर्शियों और प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुषार हमेशा की तरह पेट्रोल पंप पर वाहनों में सीएनजी भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का दबाव अधिक हो जाने के कारण सीएनजी का पाइप धमाके के साथ फट गया। पाइप का भारी नोजल अत्यधिक तेज गति से उछला और सीधे तुषार के सिर के पिछले हिस्से में जा लगा। टक्कर इतनी भयानक थी कि तुषार छिटककर दूर जा गिरा और बुरी तरह घायल हो गया। सहकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


CNG पंप सील, जांच पूरी होने तक बिक्री पर रोक
हादसे के तुरंत बाद प्रशासनिक और कंपनी के निर्देश पर हावड़ा ब्रिज स्थित सीएनजी पंप को सील कर दिया गया है। पेट्रोल पंप संचालक कमल जैन ने जानकारी दी कि सीएनजी गैस का मुख्य संचालन गेल इंडिया और बीपीसीएल (BPCL) द्वारा किया जाता है। पंप पर तीनों शिफ्टों में अलग-अलग प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात रहते हैं, जिनकी प्राथमिक जिम्मेदारी सुरक्षा मानकों की निगरानी करना होता है। संचालक के अनुसार, कंपनी के दिशा-निर्देशों के तहत फिलहाल सीएनजी सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। सीएनजी से भरा हुआ ट्रक भी परिसर में खड़ा है और सुरक्षा कारणों से आपूर्ति रोक दी गई है।
15 सदस्यीय PESO की टीम जमशेदपुर पहुंची
पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (PESO) ने इस हादसे को बेहद गंभीरता से लिया है। पेसो की 15 सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच टीम जमशेदपुर पहुंचकर हावड़ा ब्रिज स्थित पंप पर तकनीकी खामियों की पड़ताल कर रही है। जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक इस केंद्र से सीएनजी की बिक्री पूरी तरह निलंबित रहेगी। पेसो की टीम पाइप की गुणवत्ता, नोजल, गैस का प्रेशर और अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों के तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
10 लाख रुपये मुआवजे पर बनी सहमति
हादसे के बाद गोलमुरी थाने में परिजनों और पेट्रोल पंप प्रबंधन के बीच बातचीत हुई। इसके बाद पेट्रोल पंप मालिक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने पर सहमत हो गए हैं। साथ ही प्रबंधन ने तुषार का PF समेत अन्य फंड दिलाने और गेल कंपनी से भी सहयोग दिलाने का भरोसा दिया है।

CNG भरवाते समय किन बातों का ध्यान रखें?

CNG भरवाते समय ड्राइवर समेत सभी यात्रियों को गाड़ी से नीचे उतर जाना चाहिए।
गाड़ी का इंजन और इग्निशन पूरी तरह बंद होना चाहिए।
CNG स्टेशन पर माचिस, लाइटर या ज्वलनशील चीजों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
अपनी गाड़ी के CNG सिलेंडर का हर 3 साल में हाइड्रो-टेस्ट कराएं और वैलिड कंप्लायंस प्लेट जरूर लगवाएं।
अगर गैस की बदबू आए तो तुरंत सीएनजी का वॉल्व बंद कर दें और कार को पेट्रोल मोड पर चलाएं।

See also  एमएस धौनी ने IPL में रिटायरमेंट को लेकर तोड़ी चुप्पी! माता-पिता के मैंच देखने पहुंचने के बाद से लग रही थी अटकलें
WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now
Instagram Group Join Now

Trending Now