हजारीबाग : व्यस्त बरही चौक पर बुधवार को ट्रेलर की चपेट में आने से एक महिला और उसके चार वर्षीय पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। मां और भाई को खोने वाले तीन छोटे छोटे बच्चों का विलाप देख वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के बाराचट्टी स्थित केवालिया मोड़ निवासी दिनेश कुमार सिंह की पत्नी उर्मिला देवी और उनके पुत्र दीपांशु कुमार के रूप में हुई है।


बताया जाता है कि उर्मिला अपने चार बच्चों शिवानी कुमारी, शुभम कुमार, सत्यम कुमार और दीपांशु कुमार के साथ टाटीझरिया के खैराकरमा गांव स्थित मायके में दशहरा मनाकर वापस ससुराल लौट रही थी। बरही चौक पर वह अपनी पुत्री शिवानी, शुभम और सत्यम के साथ सड़क पार कर गई। इसी दौरान उन्हें पता चला कि दीपांशु सड़क के दूसरी ओर ही छूट गया है। वह तीनों बच्चों को एक तरफ रुकने के लिए कहकर वापस दीपांशु को लेने पहुंची। इसके बाद बेटे को लेकर सड़क पार करने के दौरान दोनों ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सड़क पर बिखरा था बच्चे का खिलौना, बिलखते रहे मासूम
हादसे के बाद सड़क पर बच्चे का खिलौना बिखरा पड़ा था। यह दृश्य देखकर लोग भावुक हो उठे। मां और भाई को खो चुके तीनों बच्चे बार-बार रोते हुए पुलिस से पूछ रहे थे कि उनकी मां और भाई को कहां ले जाया गया। आसपास मौजूद लोग बच्चों को संभालने और दिलासा देने में जुटे रहे।सूचना मिलते ही एसडीपीओ राधा प्रेम किशोर और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बिनोद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बरही पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया तथा परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पुलिस ने बरही चौक पर सड़क अतिक्रमण हटाने का अभियान भी चलाया।






