लोहरदगा : सेन्हा थाना क्षेत्र के बक्सीडीपा स्थित पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मरण दिवस पर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान जिले की विभिन्न घटनाओं में बलिदान देने वाले 10 वीर जवानों को याद कर सलामी दी गई। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बलिदानियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।


पुलिस स्मरण दिवस पर चार अक्टूबर 2000 को जिले के पेशरार जाने वाले रास्ते के जंगल में नक्सली हमला में वीर गति को प्राप्त हुए एसपी अजय कुमार सिंह और धरधरिया जल प्रपात के पास तीन मई 2011 को बलिदानी हुए जिला पुलिस बल के पांच जवानों सहित अन्य वीरों को याद किया गया।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि देश में इस वर्ष 154 और झारखंड में तीन जवान बलिदान हुए हैं। लोहरदगा कभी नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। यहां के वीर जवानों ने नक्सलियों से लोहा लेते हुए देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर को पूरे देश में पुलिस स्मरण दिवस मनाया जाता है। यह दिन शहीद जवानों के साहस से प्रेरणा लेकर देश सेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लेने का अवसर है।

बलिदानी के स्वजनों की आंखें हुईं नम
पुलिस स्मरण दिवस पर बलिदानी जवानों के स्वजनों की मौजूदगी ने माहौल को भावुक कर दिया। अपने प्रियजनों को याद कर स्वजन फफक पड़े। यह देख वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों की आंखें भी नम हो गईं। पुलिस अधिकारियों ने बलिदानियों के स्पजनों को शाल, फल और अन्य उपहार देकर सम्मानित करते हुए हौसला बढ़ाने का काम किया।

देश सेवा का लिया संकल्प
पुलिस स्मरण दिवस पर सीनियर डीएसपी समीर तिर्की, किस्को एसडीपीओ दिवाकर कुमार, सार्जेंट मेजर शेरू रंजन, सार्जेंट मेजर विवेक कुमार, सार्जेंट मुकेश कुमार सहित कई पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित थे। सभी ने बलिदानियों के आदर्शों पर चलते हुए समाज की सेवा और देश की सुरक्षा के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।










